top
चंदौली में 273 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद:दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, हरियाणा से बिहार ले जाकर करते थे सप्लाई
चंदौली के अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने सोमवार शाम अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 273 लीटर हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी शराब की खेप बिहार ले जाने की तैयारी में थे। फर्जी नंबर प्लेट से चल रहा था वाहन पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम अलीनगर क्षेत्र के सिंघीताली गांव के पास हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक चार पहिया मालवाहक वाहन को रोककर जांच की। वाहन पर लगी नंबर प्लेट संदिग्ध और फर्जी पाई गई। शक होने पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। इसमें बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मयंक रावत, निवासी सारन थाना क्षेत्र, फरीदाबाद (हरियाणा) और शुभम तिवारी, निवासी जाफरगंज थाना क्षेत्र, फतेहपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बिहार में ऊंचे दाम पर बेचते थे शराब पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे फरीदाबाद से सस्ते दामों पर शराब खरीदकर बिहार ले जाते थे। बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाकर इसे ऊंचे दामों पर बेचते थे और अच्छा मुनाफा कमाते थे। तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस यह संयुक्त कार्रवाई अलीनगर थानाध्यक्ष गगनराज सिंह और सर्विलांस टीम प्रभारी आशीष मिश्रा के नेतृत्व में की गई। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर शराब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क, सप्लायर और अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
Read full article on Bhaskar