top
चंदौली में खड़गे के अपमान पर कांग्रेसियों का विरोध प्रदर्शन:राहुल गांधी पर FIR के खिलाफ पैदल मार्च, कार्रवाई की मांग
चंदौली जिला मुख्यालय पर सोमवार शाम कांग्रेस पार्टी ने पैदल मार्च निकाला। यह मार्च उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान और दलित उत्पीड़न के मुद्दे पर लोकसभा में आवाज उठाने वाले राहुल गांधी पर मुकदमा दर्ज किए जाने के विरोध में था। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने विरोध मार्च के दौरान कहा कि उत्तराखंड में भाजपा ने पहले दलित जाति का होने के कारण कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भाजपा सरकार में हो रहे दलित उत्पीड़न के विरुद्ध लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कार्रवाई की मांग की, तो भाजपा सरकार ने राहुल गांधी पर ही मुकदमा दर्ज कर दिया। मुन्ना ने इसे भाजपा की दलितों के प्रति 'घृणित मानसिकता' का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि यह घटना दर्शाती है कि यदि पूरे देश में कोई व्यक्ति दलित उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाएगा, तो भाजपा सरकार आवाज उठाने वाले का भी उत्पीड़न करेगी। उन्होंने इसे भाजपा की 'तालिबानी सोच' करार दिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि जब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे समर्थवान दलित नेता के प्रति भाजपाइयों की सोच उजागर हो गई है, तो यह विचारणीय है कि वे गांव-गरीब के दलित लोगों के साथ कैसा व्यवहार करते होंगे। अरुण द्विवेदी ने कहा कि दलित उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाने पर जब राहुल गांधी पर ही भाजपा सरकार कार्रवाई कर रही है, तो आम विपक्षी कार्यकर्ता और दलित चिंतकों के साथ भाजपा सरकार क्या करती होगी। उन्होंने ऐसी सरकार को बदलने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान मधु राय, डॉ. नारायण मूर्ति ओझा, रामधार जोसफ, तरुण पाण्डेय, रामानंद यादव, रजनीकांत पाण्डेय, गंगा प्रसाद, शशिनाथ उपाध्याय, सतीश बिंद, डॉ. सुल्तान खान, मुनीर खान, गुलाब राम, नवीन पाण्डेय, कुलदीप वर्मा, शिवेंद्र मिश्रा, राकेश सिंह, राकेश पाठक, योगेंद्र सिंह, रामऔतार यादव, राधेश्याम यदुवंशी, श्रीकांत पाठक, जुगल किशोर, मदन लाल, मिठाई राम, अनिल कुमार, मोहम्मद गुलाम अली, शमशेर खान और गोविंद यादव सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Read full article on Bhaskar