top
चंद्रशेखर आजाद ने बैलेट-पेपर से चुनाव लड़ने का किया ऐलान:जखनियां में भाजपा पर साधा निशाना, प्रत्याशी के लिए मांगे वोट
गाजीपुर के जखनियां विधानसभा क्षेत्र के अलीपुर मदरा गांव के पास अंबेडकर पार्क के मैदान में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के सुप्रीमो और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा और जखनियां सीट-373 से पार्टी प्रत्याशी विनय सागर को जिताने की अपील की। आजाद ने कहा कि क्षेत्र में पेपर लीक और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि हर तरफ नीला झंडा दिखाई देगा। उन्होंने पूना समझौते और महात्मा गांधी से जुड़े प्रसंगों का जिक्र किया। साथ ही दलित, अति दलित और पिछड़े समाज के अधिकारों की बात की। ईडब्ल्यूएस आरक्षण का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण के अधिकारों पर असर पड़ा है। सभा में आजाद ने बैलेट पेपर से चुनाव कराने के मुद्दे पर लोगों की राय पूछी। उनके कहने पर समर्थकों ने हाथ उठाकर इस मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव कराने के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ी जाएगी। युवाओं से उन्होंने शिक्षित होकर आगे बढ़ने और केवल रील बनाने में न उलझने की अपील की। कार्यक्रम के मुताबिक, आजाद को दोपहर करीब 12 बजे पहुंचना था, लेकिन वे लगभग दो बजे सभा स्थल पहुंचे। उनके पहुंचने पर समर्थकों ने नारे लगाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़, पूर्वांचल संगठन प्रभारी विनय सागर, राहुल रावते, गोरख नाथ बौद्ध, जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार बौद्ध, मनोज गौतम, एडवोकेट हरेंद्र कुमार, ग्राम प्रधान रेखा देवी, मानव राजभर और विकास राव समेत पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा के लिए पुलिस उपाधीक्षक रामकृष्ण तिवारी के नेतृत्व में दुल्लहपुर, शादियाबाद, बिरनो, भुड़कुड़ा और सादात समेत जिले के अलग-अलग थानों की पुलिस तैनात रही। कार्यक्रम स्थल पर अग्निशमन विभाग का वाहन भी मौजूद था।
Read full article on Bhaskar