top
चंद्रशेखर आजाद से दुर्व्यवहार का आरोप, हाईवे जाम कर प्रदर्शन:वाराणसी-गोरखपुर हाईवे पर बैठे कार्यकर्ता, कलेक्ट्रेट में धरना जारी
मऊ में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने रविवार को प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में था। कई कार्यकर्ता वाराणसी-गोरखपुर हाईवे पर धरने पर बैठ गए। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यकर्ताओं को समझाकर हाईवे से हटाया। हालांकि, शाम 5:50 बजे तक भी आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता मऊ कलेक्ट्रेट के धरना स्थल पर प्रदर्शन कर रहे थे। हाईवे से हटने के बाद आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्रेट पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। कलेक्ट्रेट में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं। कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। धरने पर बैठे आजाद समाज पार्टी कांशीराम के घोसी विधानसभा अध्यक्ष रितिकु कुमार गौतम ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद रविवार को गोंडा में थे। उन्होंने आरोप लगाया कि गोंडा पुलिस ने उन्हें रोककर उनके साथ दुर्व्यवहार किया। गौतम ने कहा कि पुलिस का यह रवैया गलत है और इसी के विरोध में मऊ में धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। रितिकु कुमार गौतम ने यह भी कहा कि प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि गोंडा पुलिस चंद्रशेखर आजाद से माफी मांगे। उन्होंने साफ किया कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक कार्यकर्ता धरना खत्म नहीं करेंगे। हाईवे पर प्रदर्शन के बाद कलेक्ट्रेट में धरना शुरू होने की खबर पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के लिए धरना स्थल के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है। खबर लिखे जाने तक आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठे हुए थे।
Read full article on Bhaskar