top
छात्रवृत्ति डेटा फॉरवर्ड करने में लापरवाही पर कार्रवाई होगी:अलीगढ़ में 32% संस्थानों ने ही भेजा डेटा, डीएम ने मान्यता रद्द करने की चेतावनी दी
अलीगढ़ में छात्रवृत्ति का डेटा पोर्टल पर फॉरवर्ड करने में लापरवाही बरतने वाले शिक्षण संस्थानों पर कार्रवाई होगी। डीएम अविनाश कुमार ने चेतावनी दी है कि अनियमितता या लापरवाही मिलने पर संस्थानों की मान्यता निरस्त करने तक की कार्रवाई की जा सकती है। सभी संस्थानों को अक्टूबर के अंत तक हर हाल में पोर्टल पर डेटा फॉरवर्ड करना होगा। बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में 333 डिग्री कॉलेजों के प्रबंधन और 50 बड़े डिफॉल्टर कॉलेजों के साथ बैठक कर डीएम ने छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा की। जिले में अब तक केवल 32% संस्थानों ने ही डेटा फॉरवर्ड किया है। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों और संस्थानों को प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। पात्र छात्र छात्रवृत्ति से वंचित रहा तो तय होगी जवाबदेही डीएम ने कहा कि संस्थान की लापरवाही से कोई पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रहा तो इसकी जवाबदेही तय की जाएगी। छात्रवृत्ति विद्यार्थियों की पढ़ाई जारी रखने में मदद करती है। इसलिए संस्थान डेटा की जांच कर तय समयसीमा के भीतर पोर्टल पर भेजना सुनिश्चित करें। प्रक्रिया में देरी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में एएमयू के रजिस्ट्रार, आरएमपीएसयू, आईटीआई और पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्यों के साथ सीडीओ योगेंद्र कुमार और जिला समाज कल्याण अधिकारी विनीत मलिक मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar