crime
छत डलने के आधे घंटे में भरभराकर गिरी सेटिंग:नर्मदापुरम में सरकारी निर्माण की खुली पोल, राज्यसभा सांसद निधि से बन रहा भवन
नर्मदापुरम के माखननगर की ग्राम पंचायत सांगाखेड़ा कला में बन रहे सामुदायिक भवन की छत डालने के आधे घंटे बाद ही नीचे गिर गई। यह सामुदायिक भवन राज्यसभा सांसद की निधि से बनवाया जा रहा है। इस तरह के घटनाक्रम से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़ा कर दिया है। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई मजदूर या ग्रामीण इसकी चपेट में नहीं आया। सेटिंग गिरने की प्रथम दृष्टया वजह तीन बल्लियों का टूटना बताया जा रहा है। गंभीर मामला होने से अधिकारी जांच का हवाला दें रहे है। 5 लाख से बन रहा सामुदायिक भवन जानकारी के अनुसार सांगाखेड़ा कला में करीब 5 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक बैठक हाल का निर्माण कराया जा रहा है। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे भवन की छत डाली गई थी। छत डालने के करीब आधे घंटे बाद ही सेटिंग और लेंटर का हिस्सा गिर गया। अचानक मलबा गिरने से मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। निर्माण की निगरानी पर भी उठे सवाल छत डालने के कुछ ही देर बाद सेटिंग गिरने की घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जनपद पंचायत के उपयंत्री मुकेश बोहाडे और पंचायत सचिव ओम प्रकाश भदौरिया की कार्यप्रणाली भी कटघरे में आ गई है। ग्रामीणों में भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। 5 लाख रुपए की लागत से बन रहे भवन के निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की गुणवत्ता कैसी है, यह जांच के बाद ही पता चल पाएगा। CEO बोले- सचिव और उपयंत्री को देंगे नोटिस मामले में जनपद पंचायत सीईओ रंजीत ताराम ने बताया कि तीन बल्लियों के टूटने पर छत की सेटिंग गिरने की जानकारी मिली है। पंचायत सचिव और उपयंत्री को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। जवाब मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar