crime
डीडवाना में चाचा ने नाबालिग भतीजी को कुल्हाड़ी से काटा:40 वार करने से मौके पर ही मौत, कीटनाशक पीकर जान देने की कोशिश की
डीडवाना जिले में मामूली कहासुनी के बाद चाचा ने 16 साल की नाबालिग भतीजी को कुल्हाड़ी से काट दिया। आरोपी ने नाबालिग पर कुल्हाड़ी से 40 वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस वारदात में नाबालिग की दादी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे खुनखुना थाना इलाके के कल्याणपुरा गांव में हुई। एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने बताया- जानकारी के अनुसार आरोपी ओमप्रकाश दोपहर करीब 1 बजे अपने चचेरे भाई भूराराम के घर पहुंचा, जहां ओमप्रकाश और नाबालिग लड़की के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कुल्हाड़ी से नाबालिग पर करीब 40 वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दादी तुलछा देवी जब बीच-बचाव करने आईं, तो उस पर भी हमला किया गया। सिर में चोट लगने के कारण वह भी घायल हो गई। आरोपी ने कीटनाशक पीकर जान देने की कोशिश की पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी कुल्हाड़ी वारदात स्थल पर छोड़कर खेतों में भाग गया। वह मोबाइल भी घर ही छोड़ गया था। पुलिस उसके पैदचिह्न को खोजते हुए जा रही थी तो रास्ते में कीटनाशक की खाली बोतल मिली। उसके कुछ चले तो आरोपी मिल गया। खुनखुना थाना पुलिस ने आरोपी को डीडवाना अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद सीकर रेफर कर दिया गया। मृतका का शव मॉर्च्युरी में रखवाया गया है और घायल दादी को कुचामन अस्पताल रेफर किया गया है। हत्या की वजह का खुलासा नहीं पुलिस के अनुसार आरोपी और मृतका एक ही परिवार के हैं और रिश्ते में चाचा-भतीजी लगते हैं। दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ और आरोपी ने नाबालिग की हत्या क्यों की, इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है। आरोपी के बयान और जांच के बाद ही घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी। एफएसएल और एमओबी टीम ने साक्ष्य जुटाए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल और एमओबी की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
Read full article on Bhaskar