politics
डीएम के निर्देश पर प्रशासन का एक्शन मोड:चकमार्ग और सरकारी जमीन से हटाए गए अवैध कब्जे, डीएम ने लेखपाल को किया निलंबित
अयोध्या में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देश पर रविवार, 23 अगस्त को जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया गया। इस दौरान प्रशासन ने चकमार्गों को अतिक्रमणमुक्त कराने, सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने तथा विद्युत व पेयजल से संबंधित समस्याओं का समाधान किया। सोहावल तहसील के खिरौनी गांव में एक शिकायत पर राजस्व टीम ने चकमार्ग की पैमाइश कर निशानदेही की। इसके बाद नगर पंचायत खिरौनी ने मार्ग पर मिट्टी पटाई का कार्य शुरू कराया। बनबीरपुर में रास्ते पर हुए अतिक्रमण की जांच के उपरांत नायब तहसीलदार मसौधा और पुलिस टीम की उपस्थिति में एक मकान की दीवार हटवाकर रास्ता अतिक्रमणमुक्त किया गया। बीकापुर तहसील के रूरूखास में पट्टे की भूमि पर अवैध कब्जा पाए जाने पर कब्जेदार को हटाया गया और आवेदिका को भूमि पर कब्जा दिलाया गया। कोरो राघवपुर में राजस्व टीम ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराकर भूमि की सीमा निर्धारित की और मौके पर खूंटे गड़वाए। सटकपुर गयासपुर में सरकारी चकमार्ग पर कब्जे की शिकायत जांच में सही पाई गई। इस मामले में तत्कालीन लेखपाल गिरीश कुमार को निलंबित कर दिया गया, जिसके बाद चकमार्ग की मिट्टी पटाई का कार्य शुरू हुआ। पछियाना में नवीन परती की सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को राजस्व टीम ने ट्रैक्टर से जुताई कर हटाया। सदर तहसील के कादीपुर और आलापुर उपरहार में चकमार्गों की पैमाइश के बाद मिट्टी पटाई का कार्य कराया गया। नहरबाग में खुले विद्युत तारों को व्यवस्थित कर पोल और एबीसी केबल लगाई गई। बछड़ा सुल्तानपुर में अवैध पानी का कनेक्शन काटकर समस्या का समाधान किया गया। मिल्कीपुर के सहियौना में चकमार्ग का सीमांकन कर अतिक्रमण हटाया गया। रामपुर पुआरी में बंजर भूमि पर किए गए नए निर्माण को ध्वस्त कर धारा-67 के तहत कार्रवाई की गई। फतेहगंज में बंजर भूमि से आवागमन के लिए रास्ता उपलब्ध कराया गया। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar