lifestyle
डीएम ने 25 सितंबर तक पूरे करने का आदेश दिए:सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में देरी पर पेनाल्टी लगाने के निर्देश दिए
रामपुर में विकास भवन सभागार में शुक्रवार को डीएम अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं और विकास एवं निर्माण कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान निर्धारित समयसीमा में काम पूरे नहीं होने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाने और लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। डीएम ने आरईडी, पर्यटन निगम, यूपी सिडको, वक्फ और मंडी समेत अन्य कार्यदायी संस्थाओं को 25 सितंबर तक लंबित कार्य हर हाल में पूरा करने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि तय समयसीमा में काम पूरा नहीं होने पर संबंधित कार्यदायी संस्था पर डिले पेनाल्टी लगाई जाए। इसके लिए अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं को साफ किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी परियोजनाओं को अच्छी क्वालिटी के साथ और तय समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करने को भी कहा। विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को योजनाओं की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि पात्र लोगों और आम जनता को उनका लाभ मिल सके। डीएम ने योजनाओं की प्रगति के साथ पोर्टल पर आंकड़ों की फीडिंग भी सही और समय से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक में फार्मर रजिस्ट्री, लखपति दीदी, वीबीजीरामजी योजना, जल जीवन मिशन, अमृत सरोवर, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री आवास योजना, मत्स्य विभाग और पंचायती राज विभाग सहित कई योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दीपा सिंह समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar