crime
डिपो के पास डिवाइडर पर चढ़ी कार, परिवार सुरक्षित:शाजापुर शहरी हाईवे पर दो महीने में 5 हादसे हो चुके, फिर भी संकेतक-बोर्ड नहीं लगे
शाजापुर के शहरी हाईवे पर डिपो इलाके के पास शनिवार शाम करीब 7 बजे एक बड़ा हादसा टल गया। राजगढ़ से इंदौर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। गनीमत रही कि कार में सवार महिलाओं और बच्चों समेत परिवार सुरक्षित बच गया, हालांकि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार चला रहे पवन अपने परिवार के साथ शाजापुर में एक दोस्त से मिलने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे लगी सब्जी की दुकानों और भीड़ के कारण रास्ता साफ नहीं दिख रहा था। रोशनी कम होने और डिवाइडर पर कोई सांकेतिक चिन्ह (रिफ्लेक्टर) न होने से यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार को साइड में कराया। 2 महीने में 5 हादसे, प्रशासन के इंतजामों पर उठे सवाल स्थानीय निवासी सोनू ने बताया कि इस जगह पर पिछले दो महीनों में डिवाइडर से गाड़ियां टकराने के करीब 5 हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद पुलिस और प्रशासन ने यहां अतिक्रमण हटाने, पर्याप्त लाइटें लगाने या चेतावनी बोर्ड लगाने का कोई इंतजाम नहीं किया है। लोगों ने जल्द से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
Read full article on Bhaskar