politics
ढोलक बजाते हुए जनसुनवाई में पहुंचे पूर्व पार्षद:रामधुन गाई, कहा- ग्वालियर की व्यवस्थाएं बदहाल; जनप्रतिनिधियों पर उठाए सवाल
ग्वालियर नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई उस समय हंगामे और विरोध प्रदर्शन का केंद्र बन गई, जब वार्ड 27 के पूर्व पार्षद बृजेश गुप्ता ढोलक लेकर पहुंच गए। उन्होंने जनसुनवाई के दौरान रामधुन गाकर शहर की बदहाल व्यवस्थाओं के खिलाफ विरोध जताया। उनका कहना था कि सड़क, पानी, सीवर, नालियों और कचरा उठाव जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर लोग लगातार शिकायतें कर रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं हो रहा। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं से जुड़े आवेदन भी सौंपे। पूर्व पार्षद ने कहा कि शहर की स्थिति पिछले कुछ वर्षों में इतनी खराब कभी नहीं रही। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़कें जगह-जगह टूटी हैं और गड्ढों के कारण आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। कई इलाकों में सीवर जाम हैं और गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। नालियों की सफाई नहीं होने और कचरा समय पर नहीं उठने से भी लोग परेशान हैं। उन्होंने बिजली के खंभों पर निजी कंपनियों के तार लगाए जाने पर भी सवाल उठाए और पूछा कि इसके लिए किसकी अनुमति है। गुप्ता ने कहा कि मुरार सहित पूरे ग्वालियर में सड़कों की हालत खराब है। कई क्षेत्रों में चार-पांच साल से निर्माण कार्य नहीं हुआ है। सड़कें खुदी पड़ी हैं और लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्षद, विधायक, महापौर और सांसद तक लोगों की समस्याओं को लेकर दिखाई नहीं दे रहे हैं। पीएम आवास में दो-दो फ्लैट आवंटित करने का आरोप जनसुनवाई में प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी शिकायत लेकर पहुंचे सत्यपाल सिंह ने महलगांव के पीछे पहाड़ी क्षेत्र में बने पीएम आवास के फ्लैटों में गड़बड़ी का आरोप लगाया। उनका कहना था कि कुछ लोगों को नियमों के विपरीत दो-दो फ्लैट आवंटित किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। सत्यपाल सिंह ने कहा कि उनके पास ऐसे कई लोगों के नाम हैं और वे जल्द ही इन्हें सार्वजनिक करेंगे। कॉलोनी में सालों से सुविधाओं का इंतजार काउंटिंग प्लस सोसायटी के निवासी राकेश तोमर भी शिकायत लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सोसायटी में लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। बिल्डर से कई बार शिकायत करने के बावजूद वर्षों से समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। रहवासियों ने सड़क, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। पीएम आवास की शिकायत की होगी जांच अपर आयुक्त मुनीष सिकरवार ने बताया कि पीएम आवास को लेकर शिकायत मिली है, जिसमें कई लोगों के पास एक से अधिक आवास होने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने शिकायतकर्ता से किसी एक व्यक्ति का नाम या स्पष्ट उदाहरण देने को कहा था, लेकिन शिकायत सामान्य तौर पर की गई है। इसके बावजूद शिकायत की जांच कराई जाएगी और तथ्य सामने आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पूर्व पार्षद बृजेश गुप्ता की समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों से चर्चा कराई गई है। अन्य शिकायतकर्ताओं ने भी पानी और सड़क की समस्याएं बताई हैं। शताब्दीपुरम के लोगों की शिकायतों पर पहले भी अधिकारियों को भेजा गया था। संबंधित कार्यों के प्रोजेक्ट तैयार किए जा रहे हैं और बजट उपलब्ध होने के अनुसार विकास कार्य कराए जाएंगे। हालांकि, समाधान की प्रक्रिया से पूर्व पार्षद संतुष्ट नहीं हुए और वे विरोध प्रदर्शन पर बैठे रहे।
Read full article on Bhaskar