politics
DM -SSP बोले, फील्ड विजिट करें अधिकारी:मुरादाबाद तहसील दिवस में आई शिकायत के निस्तारण को गांव पहुंचे DM-SSP
जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल की उपस्थिति में तहसील बिलारी के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 83 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक प्रकरण में वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से दो पक्षों के विवाद एवं अन्य महत्वपूर्ण तथा संवेदनशील मामलों में अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करें और विभागीय नियमों के अनुरूप निष्पक्ष एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट करने तथा अपने-अपने विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार किया गया। जिलाधिकारी ने स्टॉलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा आमजन को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली भी प्रदान की। शिकायत के समाधान के लिए मौके पर पहुंचे डीएम-एसएसपी संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्राप्त एक शिकायत के प्रभावी समाधान के लिए जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ग्राम लद्दूपुरा पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शिकायतकर्ता की समस्या की स्थिति को समझा तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम बिलारी प्रिंस वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Read full article on Bhaskar