crime
‘ED छापा मारे तो अंबानी जितनी संपत्ति निकलेगी’:ARO पर लोकायुक्त कार्रवाई के बाद नेता प्रतिपक्ष बोलीं- माफिया से बड़े हैं भ्रष्ट अधिकारी
इंदौर में नगर निगम के सहायक राजस्व अधिकारी जितेंद्र कुमार पांडेय के यहां लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शनिवार को नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने इसे लेकर अधिकारियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर ईडी इंदौर के अधिकारियों के ठिकानों पर छापे मारे तो अंबानी जितनी संपत्ति निकल जाएगी। उन्होंने सरकार से ऐसे मामलों में ईडी की जांच कराने की मांग की। मिमरोट ने कहा कि वे खुद ईडी को पत्र लिखकर आय से अधिक संपत्ति रखने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगी। उन्होंने कहा कि इंदौर में जिन लोगों के नाम आय से अधिक संपत्ति के मामलों में दर्ज हैं, उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। ‘माफियाओं से भी बड़े हैं ये लोग, भीतर से दे रहे धोखा’ नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने कहा कि ऐसे लोग माफिया से भी बड़े हैं, क्योंकि ये सिस्टम के भीतर रहकर धोखा दे रहे हैं। इनके खिलाफ भी उसी तरह कार्रवाई होनी चाहिए, जैसे अराजकता फैलाने वालों पर की जाती है। उन्होंने कहा कि इंदौर नगर निगम की स्थिति खराब है। ऐसे में अधिकारियों और सहायक अधिकारियों की भ्रष्टाचार में संलिप्तता सामने आती है तो तकलीफ होना स्वाभाविक है। ‘सिर्फ निलंबन से काम नहीं चलेगा, संपत्तियों पर बुलडोजर चलना चाहिए’ मिमरोट ने कहा कि ऐसे अधिकारियों को केवल निलंबित करना पर्याप्त नहीं है। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार से अर्जित उनकी संपत्तियों पर बुलडोजर चलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इंदौर में भ्रष्टाचार चरम पर है और इसने शहर को दीमक की तरह चाट लिया है। उन्होंने कहा कि शहर के लोग टैक्स भरते हैं और जागरूक हैं। अधिकारियों के भ्रष्टाचार के कारण नगर निगम की ऐसी स्थिति नहीं होनी चाहिए। ARO जितेंद्र पांडेय के ठिकानों पर लोकायुक्त की कार्रवाई दरअसल, इंदौर में नगर निगम के सहायक राजस्व अधिकारी (ARO) जितेंद्र कुमार पांडेय के ठिकानों पर लोकायुक्त की कार्रवाई में अब तक 4.59 करोड़ रुपए की अनुपातहीन संपत्ति सामने आई है। लोकायुक्त के अनुसार पांडेय की कुल आय करीब 80 लाख रुपए है, जबकि मिली संपत्ति और खर्च उनकी आय से 474.84% अधिक पाए गए हैं। कार्रवाई के बाद नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। बीते शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे लोकायुक्त की दो टीमों ने पांडेय के घर और उनकी पत्नी भावना पांडेय के नाम पर बने हॉस्टल पर एक साथ छापा मारा था। कार्रवाई में डीएसपी सुनील तालान, आनंद चौहान, निरीक्षक आशुतोष मिठास और सचिन पटेरिया समेत करीब 20 अधिकारी शामिल रहे।
Read full article on Bhaskar