crime
एक करोड़ की उठाईगिरी का आरोपी ओडिसा से गिरफ्तार:ज्वलेरी संचालक से हुई थी ज्वेलरी की उठाईगिरी, गिरोह के अन्य आरोपी फरार
सरगुजा जिले के सीतापुर में ज्वेलरी दुकान संचालक से 1 करोड़ रुपए से अधिक कीमत के सोने-चांदी की ज्वेलरी की उठाईगिरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने पहले 46 लाख रुपये कीमत की ज्वेलरी बरामद की थी। मामले के अन्य आरोपी फरार हैं और आधी ज्वेलरी बरामदगी नहीं हो सकी है। दरअसल, 26 जुलाई को काशी ज्वेलर्स के संचालक अरुण कुमार सोनी से एक करोड़ से अधिक कीमत के सोने-चांदी के ज्वेलरी की उठाईगिरी हो गई थी। अज्ञात युवक उनकी स्कूटी से सोने-चांदी की ज्वेलरी से भरा बैग निकालकर फरार हो गया था। घटना में ओड़िसा के उठाईगीर गिरोह का हाथ होने का पता चला था। जानिए क्या है पूरा मामला ? घटना दिनांक 26 जुलाई की सुबह करीब 11.30 बजे सीतापुर में नेशनल हाईवे-43 के किनारे स्थित काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुण सोनी दुकान खोलने पहुंचे थे। उन्होंने ज्वेलरी से भरा बैग स्कूटी में लटका दिया था। इसी दौरान अज्ञात उठाईगीर स्कूटी से बैग निकालकर फरार हो गया। बैग में 800 ग्राम से अधिक सोने और करीब ढाई किलो चांदी के जेवर थे। सराफा व्यवसायी को जब तक बैग चोरी होने का पता चला, तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। CCTV फुटेज की जांच में सामने आया कि वारदात में शामिल चार आरोपी दो बाइकों में ओडिसा भाग गए थे। पुलिस ने छत्तीसगढ़ और ओड़िसा के करीब 500 CCTV फुटेज खंगाला। अन्य राज्यों की पुलिस की मदद से दो संदिग्धों की पहचान चांटी दास निवासी ग्राम सोर्डा, जिला गंजाम, ओडिशा और नागेश्वर राव निवासी नारायणपुर, थाना कोटिनाडा, जिला गंजाम, ओडिशा के रूप में की गई। 46 लाख के जेवर हुए थे बरामद, आरोपी गिरफ्तार सरगुजा की संयुक्त पुलिस टीम को ओडिशा के गंजाम से संदिग्ध चांटी दास के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके घर से 300.92 ग्राम सोने और 1 किलो 168 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए गए थे। बरामद ज्वेलरी की कीमत 46 लाख रुपए बताई गई थी। पुलिस फरार आरोपी चांटी दास और नागेश्वर राव की तलाश में लगी थी। सरगुजा पुलिस की टीम आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापे मार रही थी। इस दौरान गंजाम जिले से वारदात में शामिल आरोपी दास नागेश्वर को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़कर पुछताछ किया गया जो आरोपी द्वारा अपना नाम दास नागेश्वर (45 वर्ष) बताया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उठाईगीर गिरोह का सदस्य है। गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ उसने वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी के पास चोरी की ज्वेलरी नहीं मिली। उसने बताया कि ज्वेलरी चांटी दास व अन्य आरोपियों के पास थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये नगद जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ ओडिसा में वर्ष 2021 से चोरी, आबकारी एक्ट व लूट के मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी को लेकर अंबिकापुर पहुंची और उसे कोर्ट में पेश कर दिया है। आरोपी को कोर्ट से जेल भेज दिया गया है। सरगुजा पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। बचे ज्वेलरी की बरामदगी की कोशिश की जा रही है।
Read full article on Bhaskar