top
एक्सप्रेसवे पर खड़ी रोडवेज बस में घुसी कार, 2 मौतें:ग्रेटर नोएडा में हुआ हादसा; कार पर सवार थे दोनों, एक साथी घायल
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर शनिवार दोपहर करीब 3 बजे तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस में पीछे से जा घुसी। नॉलेज पार्क मेट्रो स्टेशन के पास हुए हादसे में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। टप्पल अलीगढ़ निवासी धीरज, भरत और भानु किसी काम से ग्रेटर नोएडा आ रहे थे। नॉलेज पार्क मेट्रो स्टेशन के पास उनकी कार एक्सप्रेसवे किनारे खड़ी बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक उसमें फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने धीरज और भरत को मृत घोषित कर दिया। भानु का उपचार चल रहा है। पंचर होने पर किनारे खड़ी थी बस पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि रोडवेज बस का एक टायर पंचर हो गया था। इसके बाद चालक ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ा कर दिया था। पुलिस यह जांच कर रही है कि बस को किस स्थिति में खड़ा किया गया था और उसके पीछे पर्याप्त चेतावनी संकेतक लगाए गए थे या नहीं। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी के मुताबिक, अभी तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar