top
एसएसबी जवान की ट्रेनिंग के दौरान मौत:आगरा में परिजन बोले- आंसू गैस लीकेज हुई, 20 सितंबर को घर आना था
आगरा के अभिषेक यादव (21) की बिहार के सुपौल स्थित SSB ट्रेनिंग सेंटर में मौत हो गई। परिवार के मुताबिक, ट्रेनिंग के दौरान आंसू गैस लीक होने से अभिषेक बेहोश हो गए थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अभिषेक का पार्थिव शरीर सोमवार सुबह उनके गांव पहुंचेगा। इसके बाद ग्रामीण नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई देंगे। मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम छा गया। छुट्टी लेकर घर आने वाला था अभिषेक अभिषेक के बड़े भाई विशाल यादव ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12 बजे अभिषेक ने वीडियो कॉल पर बात की थी। उसने बताया था कि ट्रेनिंग पूरी होने वाली है और 20 सितंबर को छुट्टी लेकर घर आएगा। अभिषेक ने भाई से कहा था कि यह बात माता-पिता को न बताएं। वह वर्दी पहनकर घर पहुंचकर उन्हें सरप्राइज देना चाहता था। शनिवार शाम ट्रेनिंग सेंटर से अभिषेक के पिता प्रमोद यादव को बेटे की तबीयत खराब होने की जानकारी दी गई। इसके बाद वह परिवार के पांच लोगों के साथ रात करीब 8 बजे बिहार के लिए रवाना हो गए। परिवार के मुताबिक, ट्रेनिंग के दौरान आंसू गैस लीक होने से अभिषेक बेहोश हो गए थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था अभिषेक अभिषेक चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके SSB में भर्ती होने के बाद पिता ने ऑटो-टेंपो चलाना छोड़ दिया था। उसका छोटा भाई राजकुमार अग्निवीर के लिए चुना जा चुका है, जबकि सबसे छोटा भाई सुमित हाईस्कूल में पढ़ रहा है। अभिषेक की मौत की खबर से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है और लोग उसके पार्थिव शरीर के आने का इंतजार कर रहे हैं।
Read full article on Bhaskar