politics
फलोदी नगर परिषद में भाजपा के महेंद्र सोनी उपसभापति बने:कांग्रेस के रमेश कंटा को 11 वोट से हराया, 25 वोट मिले
फलोदी नगर परिषद में मंगलवार को उपसभापति पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा के महेंद्र सोनी ने जीत दर्ज की। उन्हें 25 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी रमेश कंटा को 14 वोट मिले। महेंद्र सोनी ने 11 वोट से जीत हासिल की। इसके साथ ही भाजपा ने सभापति के बाद उपसभापति पद पर भी अपना कब्जा कर लिया। उपसभापति पद के लिए सुबह 11 बजे तक भाजपा के महेंद्र सोनी और कांग्रेस के रमेश कंटा ने नामांकन दाखिल किया। सुबह 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच हुई। दोनों प्रत्याशियों के नामांकन सही पाए गए। दोपहर 2 बजे तक नाम वापस लेने का समय था, लेकिन दोनों में से किसी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे मतदान शुरू हुआ। 39 पार्षदों ने किया मतदान शाम 4 बजे तक भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों समेत 39 पार्षदों ने मतदान किया। एक निर्दलीय पार्षद अजय व्यास ने वोट नहीं डाला। मतदान के बाद वोटों की गिनती की गई। इसमें भाजपा के महेंद्र सोनी को 25 और कांग्रेस के रमेश कंटा को 14 वोट मिले। परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी मनाई। 11 दिन बाद बाड़ेबंदी से बाहर आए भाजपा पार्षद फलोदी नगर परिषद के 40 वार्डों में 11 सितंबर को चुनाव हुए थे। इसके बाद भाजपा पार्षदों को बाड़ेबंदी में रखा गया था। सभापति पद के चुनाव के बाद भी भाजपा पार्षद बाड़ेबंदी में ही रहे। मंगलवार को उपसभापति पद का चुनाव पूरा होने के बाद भाजपा पार्षदों को बाड़ेबंदी से बाहर निकाला गया। करीब 11 दिन बाद बाहर आए विजयी पार्षदों के स्वागत के लिए नगर परिषद के बाहर समर्थकों की भीड़ जमा हो गई। ढोल-नगाड़ों और डीजे के साथ पार्षदों का स्वागत किया गया। विधायक और भाजपा पदाधिकारी रहे मौजूद इस दौरान विधायक पब्बाराम बिश्नोई, सभापति मेघराज कल्ला, जिला अध्यक्ष ज्योति जाणी, चुनाव सह प्रभारी डॉ. जोगेंद्र सिंह राजपुरोहित सिलोर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष माधोसिंह देवड़ा, डॉ. दिनेश शर्मा, भाजपा नेता विक्रमादित्य आमला और युद्धवीर सिंह सहित कई भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar