top
फर्जी विधानसभा पास लगाकर ठगी करने वाले 3 गिरफ्तार:सीतापुर में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी, थार कार व फर्जी पास बरामद
सीतापुर में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से बैंक खाते, एटीएम और पासबुक हासिल कर वित्तीय धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को रविवार शाम करीब 5 बजे कोतवाली नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपनी महिंद्रा थार गाड़ी पर उत्तर प्रदेश विधानसभा का कूटरचित (फर्जी) पास लगाकर लोगों पर प्रभाव डालते थे और नौकरी दिलाने के नाम पर उन्हें अपने जाल में फंसाते थे। एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत एएसपी आलोक सिंह के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को गंगाधर मिश्र कॉलोनी मोड़ से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष यादव पुत्र सुनील यादव निवासी जीडीसी कॉलेज थाना खैराबाद, शौर्य कन्नौजिया पुत्र राकेश कुमार कन्नौजिया निवासी सदर बाजार थाना कोतवाली नगर और आयुष यादव पुत्र संजीत सिंह यादव निवासी एबीडी कॉलोनी रोटी गोदाम थाना कोतवाली नगर के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ पूर्व में दर्ज मुकदमों में बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही थी। जांच के दौरान कूटरचित दस्तावेजों से संबंधित धाराओं को बढ़ाया गया है। सीओ सिटी कपूर कुमार ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक महिंद्रा थार, उत्तर प्रदेश विधानसभा विधायक का फर्जी पास और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों द्वारा फर्जी पास का इस्तेमाल लोगों पर प्रभाव जमाने और नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने में किया जाता था।
Read full article on Bhaskar