crime
फायरिंग के बाद युवक की मौत मुख्य आरोपी गिरफ्तार:मुरैना में गाली-गलौज के बाद चलाई थी गोली, बंदूक और 2 जिंदा राउंड जब्त
मुरैना के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के रामनगर में पुराने विवाद को लेकर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी भूरा कांकोलिया उर्फ भूरा शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल 315 बोर की देशी बंदूक और दो जिंदा राउंड बरामद किए हैं। फायरिंग में घायल आर्यन उर्फ अक्षय मुदगल की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस भी बढ़ाई है। पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे रामनगर में पुराने विवाद को लेकर भूरा कांकोलिया और विजय शर्मा ने फरियादी पक्ष के साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि दोनों ने जान से मारने की नीयत से बंदूकों से फायरिंग की। गोलीबारी में फरियादी का भाई, भांजा और दोस्त घायल हुए थे। घटना की रिपोर्ट पर स्टेशन रोड थाने में अपराध क्रमांक 225/2026 के तहत धारा 109(1), 296(बी) और 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया था। इलाज के दौरान आर्यन उर्फ अक्षय मुदगल की मौत होने के बाद प्रकरण में हत्या की धारा बढ़ाई गई। इमलिया बायपास रोड से पकड़ा आरोपी स्टेशन रोड पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इमलिया बायपास रोड से वांछित आरोपी भूरा कांकोलिया उर्फ भूरा शर्मा को गिरफ्तार किया। आरोपी महेश शर्मा का पुत्र है और संस्कार स्कूल के सामने रामनगर, मुरैना का निवासी है। देशी बंदूक और दो राउंड बरामद थाना प्रभारी संजय बरैया के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 315 बोर की देशी बंदूक और दो जिंदा राउंड जब्त किए गए हैं। हथियार बरामद होने के बाद मामले में धारा 25/27 आर्म्स एक्ट भी बढ़ाई गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मामले के दूसरे आरोपी विजय शर्मा की तलाश जारी है।
Read full article on Bhaskar