politics
गाजियाबाद के खोड़ा की सियासत में उबाल:नगर पालिका में भाजपा ने अध्यक्ष मोहिनी शर्मा से मांगा करोड़ों का हिसाब
गाजियाबाद के खोड़ा नगर पालिका में 2027 से पहले सियासी पारा चढ़ता दिखाई दे रहा है। नगर पालिका में कथित भ्रष्टाचार को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग वार्डों में होर्डिंग और पोस्टर लगाकर नगर पालिका अध्यक्ष मोहिनी शर्मा से करोड़ों रुपये का हिसाब मांगने का अभियान शुरू किया है। नगर पालिका की अध्यक्ष मोहिनी शर्मा समाजवादी पार्टी से हैं। अलग अलग वार्डो की जिम्मेदारी बीजेपी की रणनीति के तहत अलग-अलग वार्डों में संयोजकों की जिम्मेदारी तय की गई है। ‘पोल खोलो’ अभियान के जरिए नगर पालिका के विकास कार्यों और सरकारी धन के इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। संयोजक ललित जायसवाल ने बड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि जनता के पैसों का हिसाब जनता को मिलना चाहिए। उनका दावा है कि राज्य सरकार की ओर से नगर पालिका को समय-समय पर करोड़ों रुपये का बजट आवंटित किया गया है। आखिर यह पैसा किन-किन विकास कार्यों में खर्च हुआ, इसका पूरा ब्यौरा सार्वजनिक किया जाना चाहिए। ललित जायसवाल का यह भी दावा है कि उनके पास शासन की ओर से उपलब्ध कराए गए धन से संबंधित लिखित लेखा-जोखा मौजूद है। अध्यक्ष ने कहा छवि खराब करने का प्रयास इन आरोपों पर समाजवादी पार्टी की नगर पालिका अध्यक्ष मोहिनी शर्मा ने भी पलटवार किया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक सुनील शर्मा को पत्र भेजकर आरोपों को गलत बताया है। मोहिनी शर्मा ने सवाल उठाया है कि यदि उनके ऊपर लगाए जा रहे आरोप सही हैं तो उनकी उच्चस्तरीय जांच क्यों नहीं कराई जाती। उनका कहना है कि प्रदेश में बीजेपी की सरकार है और स्थानीय विधायक भी बीजेपी से हैं, ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए।
Read full article on Bhaskar