top
गोण्डा- इटियाथोक क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग को लेकर अनशन पर बैठे युवानेता की बिगड़ी तबियत, डाक्टर ने की स्वास्थ्य जांच
गोण्डा- सड़क निर्माण की मांग को लेकर अनशन पर बैठे युवा नेता/समाजसेवी अवधेश तिवारी उर्फ बजरंगी की तबियत गुरुवार को अचानक खराब हो गई। स्थानीय चिकित्सक ने पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जांच की। बता दे कि ब्लाक क्षेत्र इटियाथोक के विशुनपुर तिवारी पंचायत के पांचूपुरवा मजरे में सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बीते मंगलवार से अनशन शुरू किया है। खबर लिखे जाने तक गुरुवार शाम को भी यह कार्यक्रम जारी रहा। कार्यक्रम की अगुवाई कर रहे अवधेश तिवारी लगातार अपनी मांग को लेकर अनशन पर बैठे है। उनका कहना है कि जबतक कोई जिम्मेदार मौके पर आकर सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराए जाने का लिखित आस्वाशन नही देगा तबतक यह अनशन चलता रहेगा। उन्होंने बताया कि गुरुवार को नायब तहसीलदार का आगमन यहां हुवा लेकिन उन्होंने कोई लिखित आस्वाशन नही दिया इस वजह कार्यक्रम जारी है। मौके पर प्रधान प्रतिनिधि देव प्रकाश तिवारी, प्रधान अंगद प्रसाद वर्मा, बीडीसी राधिका प्रसाद वर्मा, प्रधान चंद्रशेखर तिवारी सहित अनेक महिलाएं और पुरुष मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि हमारे अगुवा बजरंगी तिवारी की तबियत खराब है अगर उनको कुछ होता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रसाशन की होगी। लोगो ने कहा कि लखनीपुर चौराहा से पांचूपुरवा होते हुए विशुनपुर तिवारी को जाने वाला करीब तीन किलोमीटर लंबा यह मार्ग पूरी तरह से कच्चा है और रास्ते की स्थित काफी खराब है। बरसात में करीब 4 से 5 माह तक इसपर हर तरफ कीचड़ व गंदा पानी जमा रहता है। मरीजो व गर्भवती महिलाओ को चारपाई पर लिटाकर अस्पताल भेजा जाता है और बच्चे कई माह तक स्कूल नही जा पाते है। बरसात में ग्रामीणों का साइकिल या बाइक से गांव से बाहर निकलना मुश्किल रहता है। कच्ची सड़क से लखनीपुर चौराहा, विशुनपुर तिवारी, सरकांड, पंडितपुरवा, मकदूम पुरवा, निसारूपुर, जगतापुर, जोकाही, कळेना सहित 20 गांवों के करीब 5 हजार लोग आते जाते है जिनको सबसे अधिक समस्या बरसात में होती है। ग्रामीणों का दावा है कि सड़क की बदहाली के कारण कई लड़कियों की शादी भी तय होने के बाद टूट चुकी है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण के लिए कई बार मांग उठाई गई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
Read full article on Do Took Media