crime
गोदाम में गेहूं खराब, कीड़ों से आटे में बदला:मंडला में 35,787 बोरियों में 17,859 क्विंटल गेहूं स्टॉक, तीन स्टैक प्रभावित
मंडला के खेरी में बने विपणन गोदाम नंबर-5 में लाखों रुपए का गेहूं खराब होने की खबर सामने आई है। गोदाम में रखे गेहूं में कीड़े लगने की वजह से वह आटा बनने लगा है। साल 2025-26 में नागरिक आपूर्ति निगम ने करीब 35,787 बोरियां यानी 17,859 क्विंटल गेहूं खरीदकर इस गोदाम में रखवाया था, जिसमें से तीन ढेर (स्टैक) में रखा गेहूं खराब होने की जानकारी मिली है। मौके पर गेहूं की बोरियों और ढेरों में साफ तौर पर कीड़े रेंगते दिख रहे हैं। कई जगह गेहूं सड़कर आटे में बदलता नजर आ रहा है। अंदाजा है कि लगभग 3 हजार क्विंटल गेहूं खराब हो चुका है। साल 2025-26 में गेहूं की खरीदी 2425 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से हुई थी, जिससे सरकार को लाखों रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। उठाव में देरी और सुविधाओं की कमी बनी वजह विपणन अधिकारी रामस्वरूप तिवारी ने बताया कि यह गेहूं करीब डेढ़ साल से गोदाम में ही पड़ा हुआ था। विपणन संघ के पास इतने लंबे समय तक गेहूं सुरक्षित रखने का सही इंतजाम नहीं है। इसके अलावा, नागरिक आपूर्ति निगम की तरफ से गेहूं उठाने में देरी हुई, जिसकी वजह से गेहूं में कीड़े लग गए। कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश मामला सामने आने के बाद अब गेहूं में दवा डालने और साफ-सफाई का काम चालू कर दिया गया है। भोपाल हेडक्वार्टर ने भी इस मामले की रिपोर्ट मांगी है। कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरी जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है। वहीं, विपणन अधिकारी का कहना है कि गेहूं की सिर्फ ऊपरी परत ही खराब हुई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Read full article on Bhaskar