top
गांव जाकर देखें विकास की असली तस्वीर- मनोज डब्लू:पूर्व विधायक ने किसानों की आय, बिजली और गंगा कटान के मुद्दे उठाए
चंदौली के सैयदराजा विधानसभा से पूर्व विधायक और सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज कुमार सिंह डब्लू ने रविवार को रैथा गांव में एक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार और क्षेत्रीय विधायक सुशील सिंह पर निशाना साधा। उन्होंने सरकार के विकास के दावों पर सवाल उठाए। मनोज डब्लू ने कहा कि माधोपुर गांव में सरकार के एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल सेंटर में बड़े टमाटर उगने और किसानों की आय दोगुनी के बजाय चार गुना होने का दावा किया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि जमीन पर जाकर देखा जाए कि इससे कितने गांव और किसान सच में लाभान्वित हुए हैं। असली तस्वीर गांवों में जाकर देखनी चाहिए उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ने और रोजगार के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन गांवों में बेरोजगारी और किसानों की समस्याएं अब भी बनी हुई हैं। उन्होंने जोर दिया कि सरकार के विकास की असली तस्वीर कागजों और मंचों से नहीं, बल्कि गांवों में जाकर देखनी चाहिए। पूर्व विधायक ने बिजली व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि कमालपुर, डबरिया, आवाजापुर और धानापुर पावर हाउस से जुड़े गांवों में दिन-रात में दस से बारह बार बिजली ट्रिप होती है और दो से ढाई घंटे बिजली कटौती हो रही है। उन्होंने वर्तमान विधायक के जन चौपाल में 18 घंटे बिजली देने के दावे पर तंज कसा और कहा कि ग्रामीणों से पूछा जाए कि उन्हें असल में कितनी बिजली मिल रही है। ठेकेदारों के जरिए कार्यक्रम को मैनेज किया उन्होंने आरोप लगाया कि गांवों में केवल योजनाओं के शिलापट्ट लगाकर ठेकेदार पैदा किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिस ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान ने इंटरलॉकिंग कराई है, उसी पर विधायक का शिलापट्ट लगा है। जन चौपाल के आयोजन पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जहां चौपाल लगती है, वहां के ठेकेदारों के जरिए कार्यक्रम को मैनेज किया जाता है। मनोज सिंह डब्लू ने गंगा कटान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि गुरैनी पंप कैनाल के पास गंगा कटान रोकने के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन कटान आज भी जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि रोकथाम के नाम पर अधिकारी सिर्फ अपनी मजबूरियां गिना रहे हैं।
Read full article on Bhaskar