crime
ग्वालियर में बिना नंबर प्लेट की कार रोकने पर हंगामा:महिला ने पुलिसकर्मी से कहा- यह टीआई सुरेंद्र शर्मा की गाड़ी है, जो करना है कर लो
ग्वालियर के पॉश इलाके सिटी सेंटर स्थित माधवनगर गेट के सामने रविवार दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच बिना नंबर प्लेट की कार को रोकने पर महिला ने सड़क पर जमकर हंगामा किया। कार में अवैध रूप से पुलिस का हूटर लगा था और उसे महिला का बेटा चला रहा था। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने बैरिकेड लगाकर कार को रोका तो महिला जवानों से बहस और गाली-गलौज करने लगी। बिना लाइसेंस चला रहा था कार, बैरिकेड देखकर रोकनी पड़ी प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिना नंबर प्लेट की कार में पुलिस का हूटर लगा था। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध लगने पर चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने गाड़ी भगाने की कोशिश की। जवानों ने सड़क पर बैरिकेड लगा दिए, जिसके बाद चालक को कार रोकनी पड़ी। पूछताछ में सामने आया कि कार चला रहे युवक और उसकी मां, दोनों के पास ड्राइविंग लाइसेंस (DL) नहीं था। टीआई के नाम की धौंस, बोली- चालान कोर्ट में भुगतूंगी कार रुकने के बाद महिला नीचे उतरी और ट्रैफिक जवानों से बहस करने लगी। उसने पुलिस अधिकारियों का नाम लेते हुए कहा, "यह टीआई सुरेंद्र शर्मा की गाड़ी है, जो करना है कर लो।" पुलिसकर्मियों ने नियमों के तहत चालानी कार्रवाई शुरू की तो महिला गाली-गलौज करने लगी। उसने कहा, "चालान काटना है तो काटो, मैं कोर्ट में भुगतूंगी।" महिला के हंगामे और पुलिसकर्मियों से बहस के कारण सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस वायरल वीडियो और वाहन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Read full article on Bhaskar