top
घाटमपुर में बाइक से गिरने से महिला की मौत:नौरंगा के पास वाहन से बचने में बाइक अनियंत्रित हुई, डॉक्टर ने मृत घोषित किया
घाटमपुर थाना क्षेत्र में रविवार को बेटे के साथ बाइक से रिश्तेदारी में जा रही महिला अचानक बाइक अनियंत्रित होने से सड़क पर गिर गई। हादसे में महिला के सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गई। बेटा उसे तत्काल घाटमपुर सीएचसी लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। जनपद फतेहपुर के अमौली थाना क्षेत्र के बुढ़वा गांव निवासी आनंद अपनी मां नीता (50) पत्नी प्रवीण कुमार को बाइक पर बैठाकर घाटमपुर थाना क्षेत्र के मोतीपुर स्थित रिश्तेदारी में जा रहा था। दोनों बाइक से घाटमपुर की ओर आ रहे थे। जैसे ही वह नौरंगा गांव के पास पहुंचे, तभी सड़क पर सामने आए किसी वाहन से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक अनियंत्रित होते ही पीछे बैठी नीता सड़क पर जा गिरीं। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लग गई और वह मौके पर ही बेहोश हो गईं। हादसे के बाद बेटे आनंद ने आसपास के लोगों की मदद से घायल मां को उठाया और आनन-फानन में घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा। यहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में परिजन घाटमपुर सीएचसी पहुंच गए। अस्पताल में महिला का शव देखकर परिजन बिलख पड़े। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar