top
गोरखपुर से प्रयागराज तक रेलखंड में चोरी करने वाला शातिर:मिर्जापुर में दो मुकदमे दर्ज, प्रयागराज GRP ने पकड़ा, मोबाइल भी बरामद
प्रयागराज जीआरपी ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। यह चोर गोरखपुर से प्रयागराज तक रेलखंड में यात्रियों के मोबाइल फोन और सामान चुराता था। उसे प्रयागराज जंक्शन पर चलाए जा रहे एक विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पकड़ा गया। उसके पास से चोरी का एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी मिला है। पूछताछ में सामने आया कि वह कई रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में चोरी व छिनैती की घटनाओं में शामिल था। जीआरपी के अनुसार, शनिवार को उपनिरीक्षक फुलीन्दर यादव की टीम प्रयागराज जंक्शन पर संदिग्ध लोगों की जांच कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली एंड की तरफ प्लेटफॉर्म नंबर एक के आखिरी छोर से करीब 100 कदम पहले रेलवे कॉलोनी में एक युवक संदिग्ध हालत में घूमता दिखा। दोपहर करीब 1:29 बजे पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की। पकड़े गए युवक की पहचान शिवम चौहान (करीब 23 साल) के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय कृष्ण मुरारी चौहान का बेटा है और मिर्जापुर जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के धवरुपुर गांव का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके पास से Redmi कंपनी का एक चालू नीले रंग का एंड्रॉइड मोबाइल फोन मिला। पुलिस ने जब मोबाइल की जांच की, तो पता चला कि यह जीआरपी प्रयागराज में दर्ज एक मुकदमे (अपराध संख्या 45/2026, धारा 305(C), 317(2) बीएनएस) से जुड़ा है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गोरखपुर से प्रयागराज तक के रेलखंड में सक्रिय था। पुलिस के मुताबिक, वह रेल यात्रियों के मोबाइल फोन और सामान चुराने के साथ-साथ छिनैती की घटनाओं को भी अंजाम देता था। आरोपी मिर्जापुर, नैनी, प्रयागराज छिवकी और प्रयागराज जंक्शन सहित कई रेलवे रूटों पर वारदातें करता था। जीआरपी की जांच में यह भी पता चला कि आरोपी का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ जीआरपी मिर्जापुर थाने में चोरी और बरामदगी से जुड़े दो मामले पहले से दर्ज हैं। जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे कोर्ट में पेश कर दिया गया है।
Read full article on Bhaskar