crime
गुजरात जा रही 41 लाख अवैध शराब पकड़ाई:ट्रक में सीक्रेट चेंबर बनाकर ले जाई जा रही थी; दो लोग गिरफ्तार
सीहोर पुलिस ने मध्य प्रदेश से गुजरात में अवैध शराब की तस्करी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर बिलकिसगंज-झागरिया रोड पर ग्राम बरखेड़ी पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर एक ट्रक को पकड़ा है। इस कार्रवाई में ट्रक चालक और क्लीनर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने ट्रक से करीब 41 लाख रुपये मूल्य की 325 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। यह शराब बड़ी ही चालाकी से एक गुप्त चेंबर बनाकर भोपाल से गुजरात ले जाई जा रही थी। ट्रक में बनाया था सीक्रेट कंपार्टमेंट तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए एक फिल्मी तरीका अपनाया था। ट्रक की बॉडी को दो हिस्सों में बांटा गया था। पीछे का बाहरी हिस्सा बड़ा और पूरी तरह खाली था, जिसमें केवल सीमेंट बिखरी हुई थी ताकि सामान्य चेकिंग के दौरान ट्रक खाली नजर आए। वहीं, केबिन से सटे आगे के हिस्से में एक छोटा गुप्त कंपार्टमेंट बनाया गया था, जिसका लोहे का दरवाजा नट-बोल्ट से कसा हुआ था। पुलिस को संदेह होने पर जब सख्ती से पूछताछ की गई और इस नट-बोल्ट वाले दरवाजे को खुलवाया गया, तो अंदर भारी मात्रा में एमडी और आरएस व्हिस्की की पेटियां भरी मिलीं। कोतवाली थाना प्रभारी रविंद्र यादव के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में अलीराजपुर जिले के जोबट निवासी 24 वर्षीय बबलू चौहान और 33 वर्षीय सिकंदर मंडलोई को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों के पास शराब परिवहन का कोई वैध दस्तावेज नहीं था। पुलिस ने उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि तस्करी के इस अंतर्राज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा हो सके। यह महत्वपूर्ण कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे और नगर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। जिले भर में जुआ, सट्टा और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है।
Read full article on Bhaskar