top
हापुड़ की गौशाला में 7 गोवंश की मौत:3 की हालत गंभीर, नाइट्राइट विषाक्तता की आशंका
हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के सिखेड़ा रोड स्थित लाला प्रेमशंकर पंचायती गौशाला में रविवार दोपहर अचानक कई गोवंश की तबीयत बिगड़ गई। कुछ ही देर में 7 गोवंश की मौत हो गई, जबकि 3 की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पशु चिकित्सा विभाग में हड़कंप मच गया। हापुड़, धौलाना और सिंभावली से तीन टीमें गौशाला पहुंचीं और बीमार गोवंश का उपचार शुरू किया। 366 गोवंश हैं गौशाला में गौशाला के कोषाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण गोयल के मुताबिक, यहां कुल 366 गोवंश हैं। रविवार दोपहर करीब 2 बजे अचानक कुछ गोवंश बीमार पड़ने लगे। सूचना पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, सहायक मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी समेत करीब 14-15 चिकित्सक मौके पर पहुंचे। बीमार गोवंश को ग्लूकोज चढ़ाया जा रहा है। उपचार के बाद अधिकतर गोवंश की हालत सामान्य बताई गई है। चिकित्सकों की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। सांस लेने में परेशानी और कंपकंपी के लक्षण मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओपी मिश्रा ने बताया कि बीमार गोवंश में सांस लेने में परेशानी और कंपकंपी जैसे लक्षण मिले हैं। प्राथमिक जांच में नाइट्राइट विषाक्तता के लक्षण दिखाई दिए हैं। उन्होंने आशंका जताई कि ज्वार के चारे में नाइट्राइट की अधिकता होने से गोवंश की तबीयत बिगड़ी हो सकती है। बीमार गोवंश को एंटीडोट दिया गया है। चिकित्सकों के पहुंचने से पहले ही सात गोवंश की मौत हो चुकी थी। तीन की हालत अभी गंभीर है। पशु चिकित्सा विभाग की टीमें उपचार और निगरानी में जुटी हैं। अधिकारियों के अनुसार, सभी बीमार गोवंश के पूरी तरह स्वस्थ होने तक इलाज जारी रखा जाएगा।
Read full article on Bhaskar