business
हापुड़ में 955 किलो मिलावटी क्रीम बरामद:रिफाइंड, सप्रेटा दही से बन रही थी क्रीम; बिना लाइसेंस चल रहा था कारोबार
हापुड़। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम ने सोमवार शाम 6 बजे मिलावटखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। टीम ने कुचेसर रोड चौपला स्थित बनखंडा के एक मकान से 955 किलोग्राम मिलावटी क्रीम बरामद की। इस क्रीम को रिफाइंड, सप्रेटा दही और थोड़ी मात्रा में असली क्रीम मिलाकर तैयार किया जा रहा था। बरामद क्रीम का उपयोग देशी घी और बटर बनाने में किया जाता था। टीम ने मौके पर ही पूरी मिलावटी क्रीम को नष्ट करा दिया। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.43 लाख रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य)-II चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में गठित सचल दल ने की। टीम ने मौके से क्रीम के दो और वनस्पति का एक नमूना लेकर जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि यह खाद्य कारोबार बिना आवश्यक लाइसेंस के संचालित किया जा रहा था। टीम ने तत्काल प्रतिष्ठान को बंद करा दिया। बिना खाद्य अनुज्ञप्ति के कारोबार चलाने के आरोप में प्रतिष्ठान स्वामी तुषार शर्मा, निवासी बनखंडा, हापुड़ के खिलाफ वाद दायर करने की कार्रवाई की जाएगी। सहायक आयुक्त (खाद्य)-II चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि मिलावटखोरी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने पुष्टि की कि बरामद क्रीम में रिफाइंड, सप्रेटा दही और असली क्रीम का मिश्रण पाया गया है। प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी गंगवार, सोवेन्द्र सिंह पंघाल, सहरिश सादात, मोहित कुमार, आरपी गुप्ता और विपिन कुमार सिंह शामिल रहे।
Read full article on Bhaskar