crime
होमगार्ड के परिवार को 34 लाख रुपए की आर्थिक मदद:डीएम अजय द्विवेदी ने हरकेश सिंह की पत्नी को चेक सौंपा
रामपुर में ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में जान गंवाने वाले होमगार्ड हरकेश सिंह के परिवार को शनिवार को आर्थिक सहायता मिली। जिलाधिकारी (डीएम) अजय कुमार द्विवेदी ने शनिवार दोपहर करीब 3 बजे अपने कार्यालय में दिवंगत होमगार्ड की पत्नी रजनेशा देवी को 34 लाख रुपये का चेक सौंपा। यह राशि एक्सिस बैंक की दुर्घटना बीमा योजना के तहत प्रदान की गई है। हरकेश सिंह ग्राम मानपुर पट्टी, थाना मूंढापांडे के निवासी थे। वह रामपुर होमगार्ड विभाग की कंपनी नंबर छह नगर में कार्यरत थे। ड्यूटी के दौरान एक अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई थी। हरकेश सिंह का वेतन खाता एक्सिस बैंक में था। उत्तर प्रदेश होमगार्ड मुख्यालय और एक्सिस बैंक के बीच हुए विशेष वेतन खाता दुर्घटना बीमा अनुबंध के तहत उनके परिवार को बीमा राशि दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। विभाग और बैंक स्तर पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद यह 34 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। चेक सौंपते समय जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार हरसंभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। बैंक से मिली बीमा राशि के अतिरिक्त, शासन स्तर से मिलने वाली विभागीय सहायता के लिए भी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला होमगार्ड कार्यालय रामपुर ने अतिरिक्त आर्थिक सहायता हेतु होमगार्ड मुख्यालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ को प्रस्ताव भेजा है। इस अवसर पर एक्सिस बैंक के शाखा प्रबंधक, जिला कमांडेंट होमगार्ड, तथा अन्य विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Read full article on Bhaskar