crime
हरदोई में किसान का शव मक्के के खेत में मिला:सोमवार से लापता था, रातभर तलाश के बाद सुबह मिला
हरदोई कोतवाली देहात क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे मक्के के खेत से 50 वर्षीय किसान का शव मिलने से हड़कंप मच गया। किसान सोमवार दोपहर मवेशियों के लिए चारा लेने घर से निकले थे, जिसके बाद वापस नहीं लौटे। शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक की पहचान खेरौली मजरा खेतुई निवासी रमेश (50) पुत्र सुंदर लाल के रूप में हुई है। रमेश किसान थे। परिवार में पत्नी शांति, तीन बेटियां और एक बेटा ज्ञानेंद्र है। सोमवार दोपहर वह मवेशियों के लिए हरा चारा काटने की बात कहकर घर से निकले थे। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर संपूर्णानंद के मक्के के खेत में रमेश का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। जानकारी मिलने पर कोतवाली देहात पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। कोतवाल समर बहादुर सिंह ने बताया कि किसान की मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read full article on Bhaskar