top
हरदोई मेडिकल कॉलेज में एक्सरे ठप:मुख्य डिजिटल मशीन 12 अगस्त से खराब, पोर्टेबल भी ठप; मरीज वापस लौटे
हरदोई के राजकीय मेडिकल कॉलेज में डिजिटल और पोर्टेबल एक्सरे मशीनें बंद होने से स्वास्थ्य व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। शनिवार को एक्सरे जांच न हो पाने से दूर से आए सैकड़ों मरीजों को इलाज के लिए दिनभर भटकना पड़ा। दुर्घटना या गंभीर चोट से पीड़ित मरीज घंटों तक जांच केंद्र के बाहर दर्द से परेशान रहे। अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के चलते किसी का भी एक्सरे नहीं हो पाया और मरीज निराश होकर लौट गए। शनिवार को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक मरीज मशीन सही होने की आस लगाए रहे, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी। अस्पताल की मुख्य डिजिटल एक्सरे मशीन बीते 12 अगस्त से तकनीकी खराबी के कारण बंद है। ड्रैग बोर्ड की मरम्मत के बाद मशीन के पैनल सर्किट में खराबी आ गई, जिससे बिजली सप्लाई ठप है। मुख्य मशीन बंद होने से सारा दबाव 100 एमए और 50 एमए की दो पोर्टेबल मशीनों पर आ गया। रोजाना 200 से 250 मरीजों के भारी दबाव के कारण दोनों पोर्टेबल मशीनें भी एक-एक कर खराब हो गईं। इससे शनिवार को जांच व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई। मरीजों की परेशानी साफ दिख रही थी। 45 किलोमीटर दूर महमदपुर से आए दीपू और 35 किलोमीटर दूर शाहबाद के देव मुरादपुर निवासी नीरज सुबह 7:30 बजे ही घर से निकल आए थे। अस्पताल पहुंचने पर मशीन सही होने का भरोसा मिलने के बाद नीरज 5 घंटे तक अपनी बारी का इंतजार करते रहे, लेकिन फिर भी उनका एक्सरे नहीं हो पाया। वहीं आशा गांव के रोहित जैसे दर्जनों मरीज भी निजी जांच का महंगा खर्च नहीं उठा पाने के कारण अस्पताल परिसर में परेशान खड़े रहे। मामला बढ़ने पर एलेंजर्स कंपनी के इंजीनियर ने लखनऊ से आकर मशीनों की मरम्मत शुरू कर दी है। वहीं सीएमएस चंद्रकुमार ने जल्द मशीनें ठीक कराकर सेवाएं शुरू करने का भरोसा दिया है।
Read full article on Bhaskar