top
हरदोई रोडवेज बस स्टेशन पर चेन चोरी:रक्षाबंधन पर महिलाओं के गले से उड़ाई थी, एक महिला गिरफ्तार
हरदोई। रक्षाबंधन के दिन 28 अगस्त को रोडवेज बस स्टेशन पर भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी करने के मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने रविवार शाम 5:46 बजे खुलासा किया। पुलिस ने वारदात में शामिल एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई एक सोने की चेन बरामद की है। दूसरी पीड़िता की चेन अभी बरामद नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं की चेन चोरी 28 अगस्त को मलिहाबाद और मल्लावां जाने वाली दो महिला यात्रियों मनोरमा और दयावती के साथ चेन चोरी की घटना हुई थी। दोनों महिलाएं रोडवेज बस में चढ़ रही थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर उनके गले से सोने की चेन चोरी कर ली गई। दयावती की शिकायत पर शहर कोतवाली में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। सीसीटीवी फुटेज से आरोपी महिला तक पहुंची पुलिस सीओ सिटी अजीत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही अन्य माध्यमों से भी जांच की गई। जांच के आधार पर पुलिस ने सुनीता पत्नी लाखन को गिरफ्तार किया। आरोपी महिला संडीला की रहने वाली है और मूल रूप से गोरखपुर की निवासी बताई गई है। एक चेन बरामद, दूसरी की तलाश जारी पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से दयावती की चोरी गई सोने की चेन बरामद कर ली। इसके बाद मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, दूसरी पीड़िता मनोरमा की सोने की चेन अभी बरामद नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि उसकी तलाश और मामले में शामिल अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई चेन चोरी का खुलासा करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कौशल किशोर यादव, कांस्टेबल योगेश कुमार, यशपाल चंदेल, महिला कांस्टेबल आयुषी यादव और अनुराधा श्रीवास्तव शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Read full article on Bhaskar