business
इंडस्ट्री के लिए तेजी से खरीदें जमीन:औद्योगिक विकास मंत्री ने की समीक्षा; कहा-विकास कार्य जल्द पूरा करें
प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' ने कहा कि गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA) इंडस्ट्री के लिए तेजी से जमीन खरीदें और अपना लैंड बैंक मजबूत बनाए। नंदी रविवार को गोरखपुर दौरे पर पहुंचे थे। उन्होंने GIDA के सभागार में वहां के अधिकारियों के साथ बैठक की और विभिन्न बिन्दुओं पर समीक्षा की। प्राधिकरण की ओर से निवेश और लैंड बैंक की जानकारी दी गई। GIDA पहुंचने पर मंत्री का सीईओ अनुज मलिक ने स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कार्यालय में बनाए गए रिसेप्शन का उद्घाटन किया। यहां से मंत्री सभागार पहुंचे और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। प्राधिकरण के विभिन्न सेक्टरों में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि किसी भी दशा में कोई प्रोजेक्ट लेट नहीं होना चाहिए। सभी कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ समय से पूरा किया जाए। मंत्री ने लैंड बैंक की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे विकास कार्य और सुरक्षा के माहौल के कारण उद्यमी प्रदेश में निवेश करना चाहते हैं। गोरखपुर उनकी पसंदीदा जगह है। जो भी उद्यमी यहां निवेश करना चाहते हैं, उन्हें पर्याप्त भूमि उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए किसानों से बातचीत के आधार पर जमीन का अधिग्रहण किया जाए। जमीन तेजी से खरीदें, जिससे पर्याप्त लैंड बैंक रहे और जरूरत के मुताबिक उद्यमियों को जमीन उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने धुरियापार में विकसित हो रहे औद्योगिक टाउनशिप के बारे में जानकारी ली। मंत्री को बताया गया कि वहां जमीन का अधिग्रहण चल रहा है। अडानी सहित कुछ कंपनियों को भारी उद्योग के लिए जमीन उपलब्ध भी करा दी गई है। यहां 5500 एकड़ में औद्योगिक टाउनशिप विकसित किया जा रहा है। सारी सुविधा ऑनलाइन करें मंत्री ने कहा कि GIDA अपनी सारी सुविधाएं ऑनलाइन करे। उद्यमी को बार-बार दौड़ना न पड़े। ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि वह जमीन के लिए या किसी अन्य सुविधा के लिए आवेदन करे तो उसके पास अपनी फाइल की स्थिति ट्रैक करने का अधिकार भी हो। वह ऑनलाइन यह बात जान सके कि उसकी फाइल किस टेबल पर पहुंची है। नंदी ने GIDA में बनकर तैयार फ्लैटेड फैक्ट्री का जल्द आवंटन करने का निर्देश दिया। सीईओ की ओर से बतया गया कि आवंटन जल्द किया जाएगा। कीमत तय की जा रही है। बोर्ड बैठक में मंजूरी मिल जाने के बाद आवंटन कर दिया जाएगा। बैठक में एसीईओ रामप्रकाश, जीएम फाइनेंस धीरेंद्र प्रताप सिंह, एजीएम केएन श्रीवास्तव, प्रबंधक सुरेश यादव, विवेक वर्मा, एनके जायसवाल, अभिषेक सिंह आदि उपस्थित रहे।
Read full article on Bhaskar