top
ई-रिक्शा और बाइक की भिड़ंत, युवक की मौत; 4 घायल:हालत गंभीर, उन्नाव के पुरवा मोड़ और ओहरहर मोड़ के बीच हादसा
उन्नाव के दही थाना क्षेत्र में रविवार शाम ई-रिक्शा और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसे में बाइक पर सवार एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। दुर्घटना पुरवा मोड़ और ओहरहर मोड़ के बीच रविवार शाम करीब पौने पांच बजे हुई। हादसे की सूचना मिलते ही दही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, सिंगरौसी निवासी आदित्य गुप्ता (28) पुत्र स्व. राम गुप्ता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बाइक पर उनके साथ सवार विवेक (30) पुत्र शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे में ई-रिक्शा चालक रामचरण (45) पुत्र रामप्रसाद निवासी जगवा, थाना दही भी घायल हुआ। ई-रिक्शा में सवार रामबक्स खेड़ा निवासी प्रवीण (11) पुत्र पवन तथा एबी नगर निवासी रामू पुत्र लल्लू और उनकी पत्नी चंपा देवी को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। टक्कर के बाद मची चीख-पुकार प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों वाहनों की टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ घायलों की मदद की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। पुलिस ने मृतक आदित्य के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मृतक और घायलों के परिजनों को दे दी गई है। दही थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Read full article on Bhaskar