crime
इटावा में नाबालिग छात्रा का अपहरण:पड़ोसी युवक पर दुष्कर्म का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में हाईस्कूल की नाबालिग छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। परिजनों ने पड़ोस के युवक पर छात्रा को स्कूल जाते समय अगवा कर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। घटना मंगलवार सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्कूल जाते समय अगवा करने का आरोप पीड़िता के परिजनों के अनुसार, छात्रा मंगलवार सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि रास्ते में पड़ोस के युवक ने उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया और एक गांव ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी पहले से ही छात्रा को परेशान करता था। घटना के बाद आरोपी ने छात्रा और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी, ताकि वह किसी को घटना के बारे में न बताए। घर पहुंचकर मां को बताई पूरी घटना परिजनों के मुताबिक, छात्रा शाम को घर लौटी तो वह रो रही थी। मां ने जब उससे कारण पूछा तो उसने पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार के लोगों ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। छात्रा के पिता का आरोप है कि आरोपी युवक और उसके साथी लगातार उनके घर के आसपास घूम रहे हैं और परिवार पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक बुधवार को भी उनके घर आया था। जिला अस्पताल में कराया गया मेडिकल घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। थाना फ्रेंड्स कॉलोनी प्रभारी ने बताया कि पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण बुधवार शाम करीब 4 बजे जिला अस्पताल में कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Read full article on Bhaskar