top
जहरीले कीड़े के काटने से युवक की मौत:सैफई ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम, पोस्टमार्टम से होगा मौत का कारण स्पष्ट
फफूँद थाना क्षेत्र के तर्रई गांव में एक युवक की जहरीले कीड़े के काटने से मौत हो गई। बुधवार रात बरामदे में सोते समय उसे कीड़े ने काटा था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन सैफई रेफर किए जाने के बाद रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान तर्रई निवासी 27 वर्षीय अवनीश कुमार के रूप में हुई है। वह खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मां इंद्रेश कुमारी गांव में आशा कार्यकर्ता हैं। परिजनों ने बताया कि बुधवार रात खाना खाने के बाद अवनीश घर के बरामदे में तख्त पर सो रहा था। रात करीब 12 बजे उसे किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उसे 100 शैय्या अस्पताल चिचौली ले गए। चिचौली अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद अवनीश को सैफई रेफर कर दिया। हालांकि, सैफई ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अवनीश के दो भाई अजय (30) और संजय (25) और दो बहनें हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि परिजनों ने जहरीले कीड़े के काटने से मौत होने की बात कही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा।
Read full article on Bhaskar