crime
जल जीवन मिशन का काम अक्टूबर तक पूरा करें:जलशक्ति मंत्री बोले- नहीं तो कार्यदाई संस्थाओं पर होगी कार्रवाई, हर घर तक पहुंचे पानी
मिर्जापुर में जलशक्ति एवं सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जल जीवन मिशन की अधूरी परियोजनाओं को अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय में काम पूरा नहीं हुआ तो संबंधित कार्यदाई संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। रविवार को विंध्याचल स्थित अष्टभुजा गेस्ट हाउस में समीक्षा बैठक के बाद उन्होंने मीडिया से यह बात कही। सितंबर की समयसीमा में पूरे नहीं हुए कुछ काम मंत्री ने बताया कि जल जीवन मिशन की सभी परियोजनाएं सितंबर तक पूरी की जानी थीं, लेकिन कुछ काम निर्धारित समय में पूरे नहीं हो सके। अधिकारियों और कार्यदाई संस्थाओं ने अब अक्टूबर तक काम पूरा करने का समय मांगा है। उन्होंने निर्देश दिया कि इस अवधि में सभी लंबित कार्य पूरे किए जाएं। इसके बाद भी काम अधूरा रहने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि हर गांव और हर घर तक पानी पहुंचना चाहिए। जहां भी पेयजल आपूर्ति में दिक्कत आ रही है, उसका तुरंत समाधान कर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सेवा संकल्प अभियान के तहत परियोजनाओं की समीक्षा स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत जल जीवन मिशन की पानी की टंकियों और पेयजल परियोजनाओं पर दीप जलाकर शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जहां काम अधूरा है, वहां तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। काशी में सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक मंत्री ने बताया कि सोमवार को काशी में मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली के सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक होगी। इसमें प्रमुख सचिव सिंचाई भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि अच्छी बारिश और बांध-बंधियों के भरने के बावजूद कई बार सिंचाई की जरूरत पूरी नहीं हो पाती है। बैठक में इस समस्या के कारणों की समीक्षा कर समाधान सुनिश्चित करने पर चर्चा होगी। बाढ़ नियंत्रण परियोजनाओं को बताया असरदार स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि इस बार भारी बारिश और बाढ़ के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई। उनके मुताबिक, पिछले नौ साल में तैयार की गई बाढ़ नियंत्रण परियोजनाएं इस स्थिति में असरदार साबित हो रही हैं। भाजपा के संगठनात्मक अभियान पर भी बोले भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े के गोरखपुर दौरे और 2027 की तैयारियों को लेकर स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा में संगठन का काम पूरे साल चलता है। उन्होंने बताया कि चुनाव नजदीक होने के कारण राष्ट्रीय स्तर के नेता प्रवास कर कार्यकर्ताओं के साथ तैयारियों पर चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा को कार्यकर्ता आधारित पार्टी बताते हुए कहा कि बूथ अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक कार्यकर्ता संगठन में आगे बढ़ सकता है। छात्रसंघ चुनाव और राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी की जीत पर स्वतंत्र देव सिंह ने बधाई दी। उन्होंने इसे छात्रों के बीच संगठन की गतिविधियों का परिणाम बताया। राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कांग्रेस पर प्रधानमंत्री और उनके परिवार को निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सामान्य परिवार से निकलकर प्रधानमंत्री बने हैं और देश सेवा के प्रति उनका समर्पण दिखाई देता है।
Read full article on Bhaskar