crime
जेल में बंद पूर्व-मंत्री के बेटे ने CBI जांच मांगी:नंदवारा दोहरे हत्याकांड में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखा पत्र वायरल
नंदवारा दोहरे हत्याकांड में जेल में बंद पूर्व मंत्री डॉ. सुरेंद्र पाल वर्मा के बेटे महेंद्र पाल वर्मा उर्फ राजू का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखा पत्र वायरल हो रहा है। 29 अक्टूबर को लिखे पत्र में महेंद्र पाल ने खुद को निर्दोष बताते हुए मामले की CBI जांच की मांग की है। जेल प्रशासन ने पत्र अपने यहां से भेजे जाने की पुष्टि नहीं की है। महेंद्र पाल ने पत्र में जौनपुर के सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा और उनके भाई शिवशरण कुशवाहा पर राजनीतिक साजिश के तहत हत्या के मामले में फंसाने का आरोप लगाया है। उसका दावा है कि घटना वाले दिन वह नंदवारा गांव में मौजूद नहीं था। मंडल कारागार में बंद महेंद्र पाल ने लिखा है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में बांदा सदर सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट का दावेदार था। उसने लखनऊ में पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर अपनी दावेदारी पेश की थी। उसके मुताबिक, उसे टिकट पर विचार करने का आश्वासन मिला था। महेंद्र पाल का आरोप है कि बाबू सिंह कुशवाहा अपने भाई शिवशरण कुशवाहा को बांदा सदर सीट से चुनाव लड़ाना चाहते थे। उसकी दावेदारी उनके रास्ते में बाधा बन रही थी। इसी वजह से उसे दो बच्चों की हत्या के मामले में फंसाया गया। पत्र में महेंद्र पाल ने कहा है कि उसका परिवार लगातार CBI जांच की मांग कर रहा है। उसकी पत्नी अंजना वर्मा ने इस संबंध में इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। उसने यह भी लिखा है कि पुत्रवधू कोमल सिंह ने पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर महेंद्र पाल और मुकदमे के वादी भइयाराम राजपूत का नार्को टेस्ट, लाई डिटेक्टर और ब्रेन मैपिंग कराने की मांग की थी। जेल अधीक्षक शशिकांत ने बताया कि जेल प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को ऐसा कोई पत्र नहीं भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन के माध्यम से पत्र भेजा जाता तो उस पर ‘अग्रसारित’ लिखा होता। उन्होंने आशंका जताई कि यह पहले लिखा गया कोई पत्र हो सकता है, जिसे अब महेंद्र पाल के जेल जाने के बाद भेजा जा रहा हो। फिलहाल वायरल पत्र के जेल प्रशासन के माध्यम से भेजे जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
Read full article on Bhaskar