top
जालौन में 31.231 किलो मादक पदार्थ नष्ट:18.60 लाख रुपए कीमत का गांजा-चरस इन्सिनेरेटर में जलाया; चार चरणों में 1658 किलो से ज्यादा निस्तारण
जालौन में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन दहन’ अभियान के तहत सोमवार को 31.231 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट किया। उरई स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज के इन्सिनेरेटर में की गई इस कार्रवाई में नष्ट किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 18 लाख 60 हजार 550 रुपए बताई गई है। न्यायालय की अनुमति के बाद जनपद स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण किया गया। एसपी विनय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर ‘ऑपरेशन दहन’ अभियान चलाया जा रहा है। 31 अगस्त को हुई कार्रवाई में जिले के विभिन्न थानों में दर्ज नौ मामलों में बरामद मादक पदार्थ शामिल थे। इनमें 27.39 किलोग्राम गांजा और 245 ग्राम चरस प्रमुख रूप से शामिल है। इन्हें मेडिकल कॉलेज के इन्सिनेरेटर में नष्ट किया गया। चार चरणों में 1658 किलो से ज्यादा मादक पदार्थ नष्ट जालौन पुलिस इससे पहले भी अभियान के तहत बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ नष्ट कर चुकी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 16 अप्रैल को 681.15108 किलोग्राम, 21 मई को 843.59562 किलोग्राम और 30 जून को 102.049 किलोग्राम मादक पदार्थ का निस्तारण किया गया था। अब 31 अगस्त की कार्रवाई में 31.231 किलोग्राम पदार्थ नष्ट किया गया। इन चार चरणों में कुल 1658.0257 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ नष्ट किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, इसकी अनुमानित कीमत करीब 9 करोड़ 89 लाख 69 हजार 430 रुपए है। मालखानों में लंबे समय तक नहीं पड़ेगा जब्त माल एसपी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के साथ जब्त किए गए पदार्थों का समय से सुरक्षित निस्तारण करना भी है। आपराधिक मामलों में बरामद मादक पदार्थों को लंबे समय तक मालखानों में रखने के बजाय न्यायालय की अनुमति के बाद नियमानुसार नष्ट किया जा रहा है।
Read full article on Bhaskar