crime
जिलाधिकारी ने दिए निर्देश,एक सप्ताह में भरें सड़कों के गड्ढे:दुर्घटना होने पर संबंधित अधिकारी की तय होगी जिम्मेदारी
सोनभद्र के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत समेत विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। एक सप्ताह में सड़कों के गड्ढे भरने के निर्देश डीएम ने बारिश के दौरान सड़कों पर हुए गड्ढों को भरने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। उन्होंने संबंधित विभागों को एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई पूरी कर सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, एनएचएआई और टोल प्लाजा से जुड़े अधिकारियों, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों और अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। दुर्घटना संभावित मार्गों की तत्काल मरम्मत डीएम ने कहा कि जिन मार्गों पर अधिक गड्ढे हैं या जहां दुर्घटना की आशंका ज्यादा है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर तत्काल मरम्मत कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा आमजन की सुरक्षा से सीधे जुड़ा विषय है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़कों में गड्ढों के कारण यदि कोई दुर्घटना होती है तो संबंधित अधिकारी या विभाग की जिम्मेदारी तय की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। आवारा पशुओं को पकड़कर गोशालाओं में संरक्षित करने के निर्देश डीएम ने सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित और आवारा पशुओं को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों, जिला पंचायत राज अधिकारी और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को अभियान चलाकर ऐसे पशुओं को पकड़ने और नियमानुसार गोशालाओं में संरक्षित करने को कहा। उन्होंने कहा कि सड़कों पर आवारा पशुओं की मौजूदगी से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसलिए पशुओं को पकड़ने और संरक्षित करने की कार्रवाई में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। बैठक में एडीएम वागीश कुमार शुक्ला, एसडीएम घोरावल विशाल कुमार, एसडीएम रॉबर्ट्सगंज आशीष त्रिपाठी, संबंधित पुलिस क्षेत्राधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिशासी अभियंता, एआरटीओ समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar