crime
जौनपुर में साइबर ठग गिरफ्तार:सस्ते सोलर प्लांट का झांसा देकर 50 लाख से ज्यादा ठगे, दूसरों के अकाउंट में रुपए मंगाता था
जौनपुर में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो पेट्रोल पंप संचालकों और अन्य प्रतिष्ठानों को सस्ते सोलर प्लांट लगाने का झांसा देकर ठगी करता था। पुलिस ने उसके पास से चार सिम कार्ड और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ विभिन्न जिलों में नौ मुकदमे और साइबर क्राइम पोर्टल पर छह से अधिक शिकायतें दर्ज हैं। अपर पुलिस अधीक्षक शहर आयुष श्रीवास्तव ने बुधवार को इस मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर एवं नोडल साइबर क्राइम आयुष श्रीवास्तव और क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम पोर्टल, समन्वय पोर्टल, प्रतिबिंब पोर्टल और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के माध्यम से जांच की गई। इसके बाद साइबर क्राइम थाना में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 52/2026 से संबंधित अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रतापगढ़ जिले के पट्टी थाना क्षेत्र के आमी सराय सैफ खां निवासी सचिन शर्मा पुत्र राजनारायण के रूप में हुई है। आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि सचिन शर्मा पेट्रोल पंप संचालकों और अन्य प्रतिष्ठानों की जानकारी जुटाकर उन्हें फोन करता था। वह सस्ते दाम पर सोलर पैनल लगाने का झांसा देकर व्हाट्सएप के माध्यम से लूमिनस कंपनी के नाम से फर्जी एस्टिमेट भेजता था। इसके बाद कुल खर्च की लगभग आधी रकम अलग-अलग किस्तों में एडवांस के तौर पर मंगाकर ठगी करता था। जांच में यह भी सामने आया है कि वह ठगी की रकम अपने परिचितों के बैंक खातों में मंगाकर निकालता था। पुलिस पूछताछ में आरोपी सचिन शर्मा ने 50 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी करने की बात स्वीकार की है। उसके खिलाफ सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, फतेहगढ़, प्रतापगढ़, लखनऊ, गोंडा और महोबा सहित कई जनपदों में धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
Read full article on Bhaskar