crime
जशपुर में 60 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार:कार में छिपाकर ओडिशा से यूपी ले जा रहा था तस्कर, 40 लाख का सामान जब्त
जशपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन आघात के तहत बागबहार पुलिस ने गांधी चौक के पास घेराबंदी कर एक वैन्यू कार से करीब 60 किलो गांजा बरामद किया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल कार भी जब्त की है। गांजा और वाहन की कुल कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त की सुबह करीब 4 से 5 बजे टेक्निकल टीम और मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की तरफ से एक वैन्यू कार में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई। इसके बाद बागबहार पुलिस ने संभावित रास्तों पर नाकाबंदी शुरू कर दी। गांधी चौक पर कार रोकी, डिक्की से 60 पैकेट मिले गांधी चौक बागबहार के पास पुलिस को संदिग्ध वैन्यू कार UP-91-U 6302 दिखाई दी। घेराबंदी कर कार को रोका गया। चालक से पूछताछ में उसने अपना नाम विकास चौधरी (27) बताया। वह मूल रूप से समस्तीपुर, बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश में रहता है। गवाहों की मौजूदगी में कार की तलाशी ली गई। डिक्की से प्लास्टिक टेप में लिपटे 60 पैकेट मिले। जांच करने पर इनमें करीब 60 किलो गांजा बरामद हुआ। ओडिशा से लेकर यूपी जा रहा था शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजा ओडिशा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा उसे किसने दिया था और यूपी में किस व्यक्ति तक इसकी डिलीवरी होनी थी। पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। 40 लाख रुपए की जब्ती पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 30 लाख रुपए कीमत का 60 किलो गांजा और करीब 10 लाख रुपए कीमत की वैन्यू कार जब्त की है। कुल जब्ती करीब 40 लाख रुपए बताई गई है। बागबहार थाने में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। SSP बोले- नशे के नेटवर्क को जड़ से तलाशेंगे जशपुर SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ ऑपरेशन आघात लगातार जारी है। मुखबिर तंत्र और तकनीकी संसाधनों की मदद से नशे के कारोबार पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की एंड-टू-एंड जांच की जा रही है और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Read full article on Bhaskar