crime
Jaunpur News: रेलवे ट्रैक के नीचे पानी भरे गड्ढे में मिला युवक का शव
राकेश शर्मा खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के डोभी रेलवे फाटक के समीप शनिवार शाम रेलवे ट्रैक के नीचे पानी भरे गड्ढे में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान के प्रयास शुरू किए। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अनुपम दीक्षित (28) पुत्र अमरेश चंद दीक्षित निवासी गांव सरने जनपद चंदौली के रूप में हुई। उसके पास मिले आधार कार्ड से पहचान की गई। बताया गया कि युवक के पास अहमदाबाद का टिकट भी मिला है। जानकारी के अनुसार वह साबरमती एक्सप्रेस से अहमदाबाद से आ रहा था। शव के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने मृतक के भाई को भी घटना की जानकारी दे दी है। युवक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्प्ष्ट नही हो सका है। इस बाबत पूछे जाने पर थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर मर्चरी हाउस भेज दिया गया है। आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।
Read full article on Aap Ki Ummid