top
Jaunpur News: राष्ट्रीय एकता दिवस एवं लौहपुरूष की 151वीं जयंती पर हुआ विशेष कार्यक्रम
अजय पाण्डेय जौनपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सिद्दीकपुर सहित जनपद के विभिन्न राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण हुआ। लौहपुरुष, भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन सभागार लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को जनपद के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सिद्दीकपुर, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शाहगंज तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान उसरांव में डिजिटल एलईडी बोर्ड के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों एवं संस्थान के कार्मिकों द्वारा सामूहिक रूप से देखा एवं सुना। मुख्यमंत्री द्वारा 1725 करोड़ की सरदार पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना का शुभारंभ किया गया। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक कौशल प्रशिक्षण प्रदान करना, उनकी रोजगारपरक दक्षताओं में वृद्धि करना तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार एवं प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षार्थियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता, संवैधानिक मूल्यों एवं राष्ट्रहित की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त किया। राष्ट्रीय एकता केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के आचरण, कर्तव्यबोध एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण में निरंतर परिलक्षित होने वाला संकल्प है। सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सिद्दीकपुर के प्रधानाचार्य मनीष पाल, कार्यदेशक अखिलेश सिंह, ममता यादव, मुन्ना लाल, सुनील सिंह कुशवाहा सहित संस्थान के समस्त अनुदेशक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Read full article on Aap Ki Ummid