crime
जयपुर में डमी कैंडिडेट बैठाने वाला आरोपी गिरफ्तार:5 हजार का इनाम था घोषित; कॉन्स्टेबल भाई से दिलवाई थी 2019 भर्ती की एग्जाम
जयपुर में कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा-2019 में डमी कैंडिडेट बैठाने वाले इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कॉन्स्टेबल भाई को खुद की जगह एग्जाम दिलवाकर आरोपी जॉब पाना चाहता था। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। सोडाला थाना पुलिस पहले ही डमी कैंडिडेट बैठने वाले उसके भाई को गिरफ्तार कर जेसी भेज चुकी थी। डीसीपी (साउथ) राजश्री राज वर्मा ने बताया- जालसाजी में आरोपी सोनू यादव (33) निवासी नीमराणा कोटपूतली-बहरोड को शनिवार रात अरेस्ट किया गया है। मामले में 28 जुलाई को डमी कैंडिडेट बैठने वाले उसके सगे भाई मनोज यादव (31) को अरेस्ट कर जेसी भेजा था। फरार आरोपी सोनू यादव की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम रखा हुआ था। कॉन्स्टेबल भाई से दिलाया था एग्जाम SHO (सोडाला) मनोज कुमार बेरवाल ने बताया- पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा-2019 की लिखित परीक्षा 7 नवंबर 2020 को हुई थी। सोडाला स्थित एग्जाम सेंटर पर कैंडिडेट सोनू यादव ने अपनी जगह अपने छोटे भाई मनोज कुमार यादव से एग्जाम दिलाया। जांच के दौरान सामने आया कि सोनू की जगह पेपर देने वाला मनोज भिवाड़ी पुलिस में कॉन्स्टेबल पद पर लगा हुआ था। जो अभी ग्राम विकास अधिकारी के पद पर नौकरी कर रहा है। सोडाला थाना पुलिस की ओर से डमी कैंडिडेट बैठाने का पता चलने पर मामला दर्ज किया गया था।
Read full article on Bhaskar