top
झांसी जीआरपी ने पकड़ा मोबाइल चोर, फोन बरामद:राजस्थान से आकर झांसी में डाले था डेरा, सोते हुए यात्रियों को बनाता था निशाना
झांसी जीआरपी ने ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से ट्रेन से चोरी किया गया एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। शनिवार को भी वह चोरी की फिराक में घूम रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी राजस्थान का रहने वाला बताया गया है। एसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रेनों में जहरखुरानी और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के साथ ही बदमाशों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित की गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को झांसी रेलवे स्टेशन के पास वरिष्ठ खंड अभियंता (विद्युत) कार्यालय के नजदीक एक शातिर चोर के मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची टीम को देखकर एक युवक भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से ट्रेन से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद हुआ। आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह ट्रेनों में सफर करने वाले ऐसे यात्रियों को निशाना बनाता था, जो मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगाकर सो जाते थे। मौका मिलते ही वह मोबाइल लेकर फरार हो जाता था। पकड़े गए आरोपी की पहचान सत्यवीर सिंह निवासी कुमा गांव, थाना कुम्हेर, जिला भरतपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है।
Read full article on Bhaskar