top
झकरकटी बस अड्डे पर रक्षाबंधन मनाया:रोडवेज कर्मियों, पुलिसकर्मियों, जवानों को बांधी राखी; गिफ्ट में मिला 'नोवा ब्रेड'
त्योहारों के दिन भी जनता की सेवा और सुरक्षा में मुस्तैद रहने वाले रोडवेज कर्मियों, पुलिस बल और सेना के जवानों के लिए इस बार का रक्षाबंधन बेहद खास रहा। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 'यात्री जन कल्याण समिति, कानपुर नगर की ओर से झकरकटी बस अड्डे पर रक्षाबंधन उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। समिति की प्रदेश सचिव मंजू पांडेय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार पाण्डेय, महेश कुमार, विकास अग्रवाल और प्रवीण त्रिपाठी ने किया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने बस अड्डे पर तैनात सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, चालक-परिचालकों (ड्राइवर-कंडक्टर), सफाईकर्मियों, पुलिस बल और सेना के जवानों को तिलक लगाकर रक्षासूत्र (राखी) बांधा। सभी का मुंह मीठा कराने के साथ-साथ उन्हें उपहार स्वरूप 'नोवा ब्रेड' भी भेंट की गई, जिससे कर्मियों के चेहरों पर खुशी छा गई। स्टाफ को भी मिलना चाहिए सम्मान इस खास अवसर पर समिति के प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि प्रदेश सरकार ने महिलाओं को रक्षाबंधन के अवसर पर निशुल्क बस यात्रा की शानदार सुविधा दी है। ऐसे में भारी भीड़ और व्यस्त ड्यूटी के बीच हमारे चालकों और परिचालकों को भी त्योहार का पूरा अहसास होना चाहिए। इसी उद्देश्य से समिति ने उनके बीच पहुंचकर यह उत्सव मनाया है। कार्यक्रम में इनकी रही विशेष उपस्थिति इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में समिति के प्रमुख कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विकास अग्रवाल, ऋषभ पांडेय, संतोष पांडेय, अंशल चौबे, वेद प्रकाश त्रिपाठी, हाई कोर्ट की एडवोकेट श्रेया पांडे, आशीष गौतम, दीपक सविता, ऋषिन्द्र पाल और अनीश आदि मौजूद रहे।
Read full article on Bhaskar