crime
झांसी में हेलिकॉप्टर ने मचा दी अफरा-तफरी,VIDEO:तेज हवाओं से सड़कों पर चलते-चलते गिरे राहगीर, उड़ गए होर्डिंग-बैनर
झांसी में गुरुवार को बुंदेलखंड कांवड़ यात्रा के दौरान पुष्प वर्षा करने आए राजकीय हेलिकॉप्टर ने अफरा-तफरी मचा दी। पुष्प वर्षा के दौरान हेलिकॉप्टर काफी नीचे उड़ता दिखाई दिया। इसके पंखों से उठी तेज हवा इतनी जोरदार थी कि सड़क पर चल रहे राहगीर और बाइक सवार अपना संतुलन खोकर गिर गए। कई जगह होर्डिंग और बैनर भी हवा में उड़ते नजर आए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, भाजपा नेता और विधानसभा चुनाव में सदर विधानसभा से टिकट के दावेदार संजीव श्रृंगिरषि ने बुंदेलखंड कांवड़ यात्रा समिति के बैनर तले गुरुवार को ओरछा से झांसी के सिद्धेश्वर मंदिर तक कांवड़ यात्रा निकाली। यात्रा में करीब 16 हजार लोगों के शामिल होने का दावा किया गया। शिव भक्तों पर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा कराने के लिए बबीना विधायक की मदद से प्रदेश सरकार का राजकीय हेलिकॉप्टर बुलाया गया था। गुरुवार को कांवड़ यात्रा जब इलाइट चौराहा के पास पहुंची तो पुलिस लाइन ग्राउंड से राजकीय हेलिकॉप्टर ने उड़ान भरी। पहली बार हेलिकॉप्टर सुरक्षित ऊंचाई पर उड़ता रहा और उसी ऊंचाई से कांवड़ियों पर फूल बरसाए गए। इसके बाद जब हेलिकॉप्टर दूसरी बार कार्यक्रम स्थल के ऊपर पहुंचा तो उसकी ऊंचाई काफी कम नजर आई। हेलिकॉप्टर के नीचे आते ही उसके पंखों से तेज हवा चलने लगी। यात्रा मार्ग के दूसरी तरफ चल रहे राहगीर इस तेज हवा की चपेट में आ गए। कई लोग चलते-चलते गिर पड़े, जबकि कुछ बाइक सवार भी मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर गए। तेज हवा के कारण सड़क किनारे लगे होर्डिंग और बैनर भी उड़ते नजर आए। अचानक बने इस हालात से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में हेलिकॉप्टर के काफी नीचे उड़ने के दौरान सड़क पर लोगों को तेज हवा से जूझते और गिरते हुए देखा जा सकता है। सवाल: पुष्प वर्षा के लिए हेलिकॉप्टर को इतनी कम ऊंचाई पर क्यों लाया गया और क्या इसके लिए सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था, इसे लेकर अब सवाल उठ रहे हैं।
Read full article on Bhaskar