politics
जनपद CEO से बोला ग्रामीण- नाला निकाला तो गोली चलेगी:नाला बनाने की बात पर बहस, VIDEO; CM के कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान विवाद
मुरैना में पोरसा जनपद पंचायत की CEO सुनीता शर्मा बुधवार दोपहर ग्राम पंचायत नंद का पुरा में पहुंचीं। यहां जलभराव की शिकायत के बाद मौके पर पहुंची CEO और एक ग्रामीण के बीच बहस हो गई। बताया जा रहा है कि पानी की निकासी के लिए निजी जमीन से नाला निकालने की बात पर विवाद हुआ। इसी दौरान ग्रामीण ने कथित तौर पर CEO से कहा, "मैडम, नाला यहां से नहीं निकलेगा, नहीं तो गोलियां चलेंगी।" घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है। मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान हुआ विवाद दरअसल, मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम के तहत आगामी 18 सितंबर को कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ का ग्राम पंचायत नंद का पुरा में दौरा प्रस्तावित है। इसी कार्यक्रम की तैयारियों और स्थल निरीक्षण के लिए बुधवार दोपहर जनपद CEO सुनीता शर्मा गांव पहुंची थीं। इसी दौरान एक ग्रामीण ने गांव में एक स्थान पर जलभराव की समस्या बताई। शिकायत के बाद CEO मौके पर पहुंचीं। यहां पानी की निकासी के लिए नाला निर्माण को लेकर ग्रामीण से बातचीत शुरू हुई। बताया जा रहा है कि जिस स्थान से नाला निकालने की बात हो रही थी, वह निजी जमीन है। जमीन के मालिक ने नाला निर्माण का विरोध किया और इसी बात को लेकर CEO से उसकी बहस हो गई। ग्रामीण की धमकी का वीडियो सामने आया विवाद के दौरान ग्रामीण को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, "मैडम, नाला यहां से नहीं निकलेगा, नहीं तो गोलियां चलेंगी। घटना का वीडियो बुधवार का बताया जा रहा है, जो अब सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीण के बयान और सरकारी अधिकारी के साथ हुए विवाद को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। CEO ने फोन नहीं उठाया इस मामले में दैनिक भास्कर संवाददाता ने जनपद CEO सुनीता शर्मा से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। फिलहाल विवाद के संबंध में CEO का पक्ष सामने नहीं आया है।
Read full article on Bhaskar